टिकारी (गया)। गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र अंतर्गत उसरी गांव में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने एक घर में धावा बोलकर डकैती की बड़ी घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। बताया जाता है कि 10 से 11 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने आधी रात के बाद घर में घुसकर लूटपाट की और विरोध करने पर घर की एक महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके दोनों हाथ टूट गए।
ग्रामीणों के अनुसार, बदमाशों ने घर के सदस्यों को भयभीत कर नकदी, जेवरात एवं अन्य कीमती सामान लूट लिया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश फरार हो गए। पीड़ित परिवार ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अपराधी भाग चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार चोरी, लूट और आपराधिक घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश की जा रही है तथा जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।







