मगध अपडेट बिहार राजनीति क्राइम शिक्षा खेल नौकरी धर्म

मगध IG विकास वैभव का बड़ा एक्शन: बांकेबाजार थानाध्यक्ष मंटु कुमार निलंबित; पीड़ित पर ही बना रहे थे ₹4 लाख का दबाव, गाड़ी भी अवैध रूप से की थी जब्त

On: Wednesday, June 10, 2026 3:33 PM

न्यूज डेस्क। गया जिले के बांकेबाजार थाने में कानून की धज्जियां उड़ाने और पीड़ित को ही प्रताड़ित करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विकास वैभव ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बांकेबाजार थानाध्यक्ष (पु०अ०नि०) मंटु कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें सिर्फ जीवन यापन भत्ता मिलेगा और उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
थानाध्यक्ष पर आरोप है कि उन्होंने एक पीड़ित ठेकेदार को न्याय देने के बजाय न सिर्फ दबंगों का साथ दिया, बल्कि उसकी गाड़ी छोड़ने के एवज में ₹4 लाख का चेक देने के लिए अवैध रूप से मानसिक और शारीरिक दबाव बनाया।

रसूखदारों के आगे नतमस्तक थी पुलिस, IG को खुद संभालनी पड़ी कमान

घटनाक्रम की शुरुआत बीते 20 मई 2026 की शाम करीब 08:35 बजे हुई। गया के डेल्हा (खरखूरा) के रहने वाले भवन निर्माण ठेकेदार अमरेन्द्र पाठक (पिता- कौशलेन्द्र पाठक) बांकेबाजार इलाके में अपने काम का बकाया हिसाब करने आए थे। इसी दौरान स्थानीय कुछ लोगों ने उनके साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उनकी टाटा सफारी गाड़ी भी छीन ली और उन्हें जबरन थाने ले आए।
थाने पहुंचने पर अमरेन्द्र पाठक को अहसास हुआ कि खाकी पूरी तरह दूसरे पक्ष के प्रभाव में है। थानाध्यक्ष मंटु कुमार ने उनका आवेदन लेने से साफ मना कर दिया और उलटे पीड़ित पर ही ₹10 लाख रुपये देने का दबाव बनाने लगे। कोई रास्ता न देख, पीड़ित ने थाने से ही सीधे आईजी विकास वैभव के सरकारी मोबाइल नंबर पर फोन कर गुहार लगाई।

आईजी और एसएसपी के आदेश को भी ठेंगे पर रखा

मामले को भांपते हुए आईजी विकास वैभव ने उसी रात 08:40 बजे थानाध्यक्ष को फोन कर कानून के मुताबिक कार्रवाई करने का सख्त निर्देश दिया। लेकिन मंटु कुमार के सिर पर कानून का नहीं, बल्कि किसी और का भूत सवार था। कुछ ही देर बाद पीड़ित ने दोबारा आईजी को फोन कर रोते हुए बताया कि थानाध्यक्ष आईजी के आदेश के बाद और भड़क गए हैं। वे जबरन सुलह-समझौता लिखने का दबाव बना रहे हैं और इनकार करने पर थाने के भीतर ही उसके साथ मारपीट की जा रही है।
आईजी ने तुरंत मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP), गया को हस्तक्षेप करने और किसी सीनियर अफसर को मौके पर भेजने को कहा। एसएसपी के निर्देश पर शेरघाटी के अंचल निरीक्षक (इंस्पेक्टर) ने भी थानाध्यक्ष को फोन घुमाया, लेकिन थानाध्यक्ष मंटु कुमार अपनी मनमानी और अवैध समझौते की जिद पर अड़े रहे।

लिखित शिकायत के बाद बैठी जांच, खुली पोल

बीते 4 जून 2026 को पीड़ित अमरेन्द्र पाठक ने हिम्मत जुटाकर आईजी कार्यालय में लिखित आवेदन दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि थानाध्यक्ष ने उनके और उनके बुजुर्ग पिता के साथ बेहद अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज की। गाड़ी छोड़ने के बदले ₹4 लाख का चेक देने की शर्त रखी और जबरन सुलहनामे पर दोनों बाप-बेटे के हस्ताक्षर करवा लिए। यही नहीं, गाड़ी को बिना किसी कानूनी जब्ती सूची (Seizure List) के अवैध रूप से थाने में खड़ा रखा गया।
आईजी विकास वैभव ने इस गंभीर मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO), शेरघाटी-01 को सौंपी और 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट तलब की।

जांच रिपोर्ट में सच आया सामने, गिरी निलंबन की गाज

एसडीपीओ, शेरघाटी-01 ने जब अपनी जांच रिपोर्ट सौंपी, तो थानाध्यक्ष की कार्यशैली पर लगे सारे दाग सच साबित हुए:

  • थानाध्यक्ष ने बिना किसी लिखित शिकायत या कानूनी प्रक्रिया (जब्ती सूची) के पीड़ित की सफारी गाड़ी को अवैध कब्जे में रखा।
  • ₹4 लाख का चेक लेकर गाड़ी छोड़ने का अवैध और जबरन सौदा कराया गया।
  • सबसे संगीन बात यह रही कि थानाध्यक्ष ने इस पूरे घटनाक्रम और विवाद की भनक अपने किसी भी वरीय अधिकारी को नहीं लगने दी।

महकमे का कड़ा संदेश: वर्दी की आड़ में स्वेच्छाचारिता बर्दाश्त नहीं

आईजी कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में साफ कहा गया है कि किसी भी पीड़ित की शिकायत पर पुलिस का पहला कर्तव्य प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई करना है। लेकिन थानाध्यक्ष बांकेबाजार ने संदिग्ध रूप से एक पक्ष के प्रभाव में आकर न सिर्फ कानून का मजाक उड़ाया, बल्कि पुलिस की छवि को जनता की नजरों में धूमिल किया। उनका यह आचरण घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और संदिग्ध चरित्र को दर्शाता है, जिसके चलते उन्हें सस्पेंड कर विभागीय अनुशासनिक कार्रवाई के दायरे में लाया गया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment

📰 Latest:
धान रोपनी के दौरान किसान पर हमला, हथियार लहराकर जान से मारने की धमकी का आरोप | कारगिल युद्ध की पूरी कहानी: 527 बलिदानियों के शौर्य और अदम्य साहस का वो सुनहरा अध्याय, जो हर भारतीय को जानना चाहिए | बिजहरा गांव की बदहाल तस्वीर: कीचड़ और जलजमाव के बीच नारकीय जीवन जीने को मजबूर ग्रामीण | ब्रेकिंग न्यूज: टनकुप्पा स्टेशन के पास बड़ा हादसा, ड्यूटी पर जा रहे रेलकर्मी पर गिरी पेड़ की टहनी, दर्दनाक मौत | कोंच थाना को मिले नए थानाध्यक्ष, आलोक रंजन संभालेंगे कमान | शादी के बाद घर में रखे थे लाखों के गहने, रात में घुसे चोर ले उड़े 8 लाख के जेवर; एक ही रात में दो घर बने निशाना | गुरारू में पूजा से लौट रही महिला के साथ हुआ ऐसा हादसा, परिवार में मचा कोहराम | Gaya Crime News: बाराचट्टी में महज 10 फीट जमीन के लिए बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार | अल्पसंख्यक छात्रों के लिए खुशखबरी! 15 हजार रुपये पाने का नियम बदला, अब बिना ऑफिस गए सीधे खाते में आएंगे पैसे | खाकी पर दाग बर्दाश्त नहीं: आईजी विकास वैभव का कड़ा प्रहार, मगध रेंज में 24 घंटे के भीतर दो पुलिस अधिकारी निलंबित |