डीडीयू | न्यूज डेस्क
“बेटियाँ भगवान का सबसे अनमोल वरदान हैं और उनकी शिक्षा व स्वावलंबन ही एक सशक्त समाज की नींव है।” इसी भावना के साथ आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेल के पंडित दीन दयाल उपाध्याय (DDU) मंडल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक (DRM) के नेतृत्व में आयोजित इस समारोह ने न केवल महिला कर्मचारियों के समर्पण को सराहा, बल्कि भविष्य की पीढ़ी यानी बालिकाओं के सपनों को ‘पंख’ (साइकिल) भी दिए।
शिक्षा की राह हुई आसान: 125 बालिकाओं को मिली साइकिल
कार्यक्रम का सबसे भावुक और प्रेरणादायक पल वह था, जब स्टाफ बेनिफिट फंड (SBF) के माध्यम से रेलवे के लेवल-1 और लेवल-2 कर्मचारियों की 125 मेधावी बालिकाओं को साइकिलें प्रदान की गईं। स्कूल जाने के लिए अब इन बेटियों को दूरी की चिंता नहीं सताएगी। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर जो मुस्कान और आत्मविश्वास दिखा, वह इस पहल की सफलता की कहानी खुद बयां कर रहा था।
रेलवे की ‘शक्ति’ का सम्मान: मेमो ट्रेन की कमान महिलाओं के हाथ

आज का दिन डीडीयू मंडल के इतिहास में एक और उपलब्धि के रूप में दर्ज हो गया। महिला दिवस के खास मौके पर गया से डेहरी के बीच मेमो (MEMU) ट्रेन का सफल संचालन पूरी तरह से महिला क्रू द्वारा किया गया। यह इस बात का जीवंत प्रमाण है कि रेल परिचालन के कठिन कार्यों में भी महिलाएं पुरुषों के कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं।
चाहे वह टिकट चेकिंग हो, कंट्रोल ऑफिस का संचालन, पैनल रूम की जिम्मेदारी हो या ट्रैक मेंटेनेंस और शेड का चुनौतीपूर्ण कार्य—हर जगह महिला रेलकर्मियों ने अपनी निष्ठा और कार्यकुशलता का लोहा मनवाया।
प्रतिभा का सम्मान: ईशित्वा आनंद की सफलता बनी प्रेरणा

समारोह के दौरान ASI/RPF श्रीमती अनमोल कुमारी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी सुपुत्री कुमारी ईशित्वा आनंद ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 में अखिल भारतीय स्तर पर 50वां स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे रेलवे स्कूल (ओक ग्रोव) और रेल परिवार का मान बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा बनकर उभरी है।
इसके साथ ही, उत्कृष्ट कार्य करने वाली मंडल की 23 महिला कर्मचारियों को ईसीआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ (ECRWWO) द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य उपस्थिति
इस गरिमामयी अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री उदय सिंह मीना, ईसीआरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की अध्यक्षा श्रीमती चित्रा सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री दिलीप कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री उज्ज्वल आनंद समेत मंडल के तमाम वरिष्ठ अधिकारी, यूनियन प्रतिनिधि और भारी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।






