न्यूज शेयर करें

देवब्रत मंडल

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, गया के प्रांगण में वार्षिक खेल दिवस समारोह का हुआ भव्य आयोजन

खेल शब्द ही मन में एक ऊर्जा और उत्साह भर देता है और इसी ऊर्जा के साथ बुधवार को पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, गया के प्रांगण में वार्षिक खेल दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में मुख्य अतिथि के पद की शोभा बढ़ा रहे थे अपर समाहर्ता राजस्व सह नामित अध्यक्ष अंजनी कुमार। जिन्होंने समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय प्राचार्य अशोक कुमार गुप्ता द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। प्राचार्य ने पुष्प गुच्छ, बैज और टोपी भेंट कर मुख्य अतिथि का अभिनंदन किया। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा स्वागत गान प्रस्तुत किया गया।

अपने स्वागत भाषण में प्राचार्य ने मुख्य अतिथि व समारोह में उपस्थित प्रत्येक व्यक्तियों व अभिभावकों का हार्दिक अभिनंदन किया और केंद्रीय विद्यालय की परंपरा, आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं व विद्यार्थियों की संभावनाओं से सभी को अवगत कराया। इसके बाद ध्वजारोहण किया गया व मार्चपास्ट की प्रस्तुति की गई। जिसमें सदनानुसार विद्यार्थियों ने कदम से कदम मिलाकर अपनी ऊर्जा का परिचय दिया। समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति की गई। जिसमें मराठी नृत्य व अन्य नृत्य शामिल थे। आत्मरक्षा की सार्थकता को छात्राओं ने अपने कराटे प्रदर्शन द्वारा अभिव्यक्त किया।

नन्हें मुन्नों द्वारा जुम्बा ड्रिल का प्रदर्शन किया गया। खेल दिवस समारोह के उद्घाटन की घोषणा करते ही विद्यार्थियों ने मशाल प्रज्वलित कर अपनी प्रतिभा व योग्यता का परिचय दिया व सभी ने शपथ ली। आशीर्वचन देते हुए मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों को खेल के लाभ व उसकी आवश्यकता व व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास की बात कही व विद्यार्थियों के उत्साह की प्रशंसा की। इस अवसर पर अनेक खेलों का आयोजन किया गया | जिसमें नन्हें मुन्नों ने भी शिरकत की। जैसे रेस, बैलून रेस, सौ मी. दौड़, सैक रेस आदि। तत्पश्चात पुरस्कार वितरण किया गया। जिसमें वर्ष भर की खेल-कूद प्रतियोगिताओं में विजयी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। जिसमें विजेता रहे
अशोक सदन और उप विजेता रहा शिवाजी सदन। कार्यक्रम का संचालन आर. बानो व मोलिशा, वान्या, मेघा व कशिश द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन उप प्राचार्या डॉ. अमीना खातून ने किया। संपूर्ण समारोह का सफल आयोजन प्राचार्य के कुशल नेतृत्व, कार्यक्रम सचिव राम रतन पासवान, सचिन दलाल व विद्यालय के समस्त शिक्षकों के पूर्ण सहयोग से संपन्न हुआ।

Categorized in:

Gaya, MAGADH LIVE NEWS, Sports,

Last Update: December 20, 2023