29 को तर्पण करने आएंगे उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

गया: विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला 2023 का विधिवत उद्घाटन गुरुवार को विष्णुपद मंदिर के पास निर्मित बने मंच से किया गया। मेला का उद्घाटन बिहार सरकार के भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री आलोक मेहता, कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत एवं अन्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं ब्राह्मणों की शंख ध्वनि से इस मेले की वैदिक रीति से शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आगत अतिथियों को अंगवस्त्र एवं विष्णु चरण का प्रतीक चिन्ह देखकर उन्हें सम्मानित भी किया गया। शहर के कई गणमान्य भी इस मौके पर मौजूद थे। इस दौरान ‘तर्पण’ नामक पत्रिका का संयुक्त रूप से लोकार्पण भी किया गया। लोगों को संबोधित करते हुए भूमि सुधार एवं राजस्व मंत्री आलोक मेहता ने कहा कि पितृपक्ष मेला की भव्यता लगातार बढ़ रही है।

यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी इस मेला को लेकर सजग हो कर यहां की हर व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने कहा सरकार भी मेला में आने वाले तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था कर रही है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मेला को लेकर फीडबैक ले रहे हैं। इसकी समीक्षा करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में लोगों को अपने धर्म में आस्था रखने का अधिकार है। प्रशासन को भी धर्मनिरपेक्ष होना चाहिए। पितृपक्ष मेला में देश विदेश से पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए यहां आते हैं। पिंडदान और तर्पण का कर्मकांड पूरी आस्था के साथ करते हैं। इससे इसका महत्व और भी बढ़ जाता है।

पितृपक्ष मेला में इस वर्ष बेहतर व्यवस्था गई है। इस वर्ष और गतेक वर्ष की अपेक्षा अगले वर्ष और भी बेहतर व्यवस्था होगी। मंत्री श्री मेहता ने कहा पितृपक्ष मेला में आने वाले लोगों के लिए पेयजल, आवासन, स्वास्थ्य, बिजली एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है। सरकार भी तीर्थयात्रियों को बेहतर व्यवस्था देने के लिए लगातार प्रयत्नशील है। विष्णुपद मंदिर को और बेहतर बनाने एवं यहां आने वाले लोगों को और अधिक सुविधा कैसे प्रदान की जाए, इसका पूरा ख्याल रखा जाता रहा है।

इस मौके पर मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक छत्रनील सिंह, मगध प्रमंडल आयुक्त मयंक वरवड़े, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम, नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा, सांसद विजय कुमार मांझी, गया नगर विधायक डॉ. प्रेम कुमार. राजद विधायक मंजू अग्रवाल, हम पार्टी की विधायक ज्योति मांझी, डिप्टी मेयर चिंता देवी, जिला परिषद अध्यक्ष सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे। लेकिन, इस मौके पर मेयर बीरेन्द्र कुमार नहीं दिखाई दिए। इसके पूर्व कृषि मंत्री कुमार सर्वजीत ने गया के गांधी मैदान में आधुनिक सुविधाओं से लैस टेंट सिटी का उद्घाटन फीता काटकर किया। इस टेंट सिटी में एक समय मे ढाई हजार तीर्थयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था दी गई है।

इस मौके पर डीएम के अलावा कई गण्यमान्य लोग उपस्थित थे। मेला 28 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्टूबर तक चलेगा। वहीं जिलापदधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने बताया कि शुक्रवार को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ तर्पण करने के लिए विष्णुपद मंदिर आएंगे। वे हवाई मार्ग से पहले गया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा आएंगे। यहाँ से सड़क मार्ग होते हुए विष्णुपद मंदिर आएंगे। यहां के बाद सर्किट हाउस पहुंचेंगे। इसके बाद वे वापस हवाई अड्डा चले जायेंगे। जिनकी सुरक्षा को लेकर सारी व्यवस्था की गई है।