मगध लाइव न्यूज़ | गयाजी
बिहार के गया रेलवे स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में 61 वर्षीय यात्री की जान चली गई। रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस के खुलने के दौरान चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे यात्री का पैर फिसल गया, जिससे वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गए। हादसा इतना गंभीर था कि यात्री की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और ट्रेन को तत्काल रोकना पड़ा।
गया स्टेशन पर ट्रेन खुलते ही हुआ हादसा
आरपीएफ पोस्ट गया निरिक्षक बनारसी यादव की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, घटना 1 नवंबर 2026 की रात गया रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-6 पर हुई। ट्रेन संख्या 12366 डाउन रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस रात करीब 8:23 बजे गया स्टेशन पहुंची थी। इंजन बदलने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन रात 8:44 बजे पटना के लिए रवाना होने लगी।
इसी दौरान दिल्ली छोर की ओर शौचालय के नजदीक पोल संख्या 470/06D-08D के पास ट्रेन अचानक रोकनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, पीछे से तीसरे कोच डी-16 में यात्रा कर रहे एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान उनका पैर पायदान से फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंस गए।
पत्नी के साथ पटना जा रहे थे सुरेंद्र प्रसाद
मृतक की पहचान पटना जिले के कृष्णानगर थाना क्षेत्र स्थित रामकृष्णा नगर निवासी सुरेंद्र प्रसाद (61 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी सुनीता देवी (51 वर्ष) के साथ रांची से पटना की यात्रा कर रहे थे। दोनों का आरक्षण जनशताब्दी एक्सप्रेस के डी-16 कोच में सीट संख्या 59 और 60 पर था। उनका बोर्डिंग स्टेशन बोकारो स्टील सिटी था।
आरपीएफ की प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गया स्टेशन पर ट्रेन के काफी देर तक खड़े रहने के दौरान सुरेंद्र प्रसाद नीचे उतरकर प्लेटफॉर्म पर घूम रहे थे। जब ट्रेन ने पटना के लिए प्रस्थान करना शुरू किया, तब उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह हादसे का शिकार हो गए।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद निकाला गया शव
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ गया पोस्ट के अधिकारी और जवान, राजकीय रेल पुलिस (GRP), स्टेशन अधीक्षक, आईओडब्ल्यू तथा अन्य रेलवे कर्मचारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल को सुरक्षित करने के बाद रेलवे के संबंधित कर्मचारियों की मदद से रात करीब 9:27 बजे शव को बाहर निकाला गया। इस दौरान गया के सहायक सुरक्षा आयुक्त भी घटनास्थल पर पहुंचे।
इसके बाद शव को जीआरपी ने अपने कब्जे में लेकर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए भेज दिया। घटना के कारण जनशताब्दी एक्सप्रेस करीब 44 मिनट तक विलंबित रही और रात 9:43 बजे पटना के लिए रवाना हुई।







