मगध लाइव न्यूज़ | महताब अंसारी
कोंच। शारदीय नवरात्र के पहले दिन रविवार को कोंच प्रखंड में मां दुर्गा की आराधना के साथ धार्मिक उत्सव का शुभारंभ हुआ। प्रखंड के विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों में श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और पारंपरिक विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की। सुबह से ही नदी-तालाबों पर श्रद्धालुओं की चहल-पहल रही और मां दुर्गा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। गौहरपुर गांव में ग्रामीणों ने सिंदुआरी नदी से पवित्र जल भरकर कलश यात्रा निकाली और दुर्गा मंदिर परिसर में कलश स्थापित किया। वहीं, परसावां पंचायत के कौड़िया गांव में श्रद्धालुओं ने सिनाने नदी से जल लाकर कौड़िया दुर्गा मंदिर के समीप कलश स्थापना की। कोंच विष्णु स्थान से निकली कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने कोंच सूर्य मंदिर तालाब से पवित्र जल लेकर पूजा-अर्चना की।
नवरात्र को लेकर प्रखंड के दर्जनों गांवों में उत्साह का माहौल है। मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ गई है। घरों में भी भक्तिभाव के साथ मां दुर्गा की पूजा की जा रही है। कोंच प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष शिवकुमार चौहान ने कहा कि दुर्गा पूजा के सफल आयोजन में पूजा समितियों की अहम भूमिका रहती है। समितियों के सदस्य परंपराओं और निर्धारित नियमों के अनुसार पूजा की व्यवस्था संभालते हैं। ऐसे आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती प्रदान करते हैं।







