न्यूज शेयर करें

डुमरिया (गया): सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 29वीं वाहिनी ने शनिवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। गुप्त सूचना के आधार पर, एसएसबी ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक लंबे समय से वांछित नक्सली को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए नक्सली की पहचान 45 वर्षीय भोला सिंह भोक्ता के रूप में हुई है, जो विकास सिंह भोक्ता और लाल बीर सिंह भोक्ता के नाम से भी जाना जाता है। वह सलैया थाना क्षेत्र के पत्थर धस्सा गांव का निवासी है।

एसएसबी के कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि भोक्ता पर डुमरिया थाने में कांड संख्या 14/2014 दर्ज है। उस पर दंगा, आगजनी, आपराधिक षड्यंत्र, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और सीएलए एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है।

सूत्रों के अनुसार, भोक्ता अपने घर के पास छिपा हुआ था। एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे पत्थर धस्सा गांव के निकट से गिरफ्तार किया गिरफ्तारी के बाद भोक्ता को डुमरिया थाने में सौंप दिया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह गिरफ्तारी क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मददगार साबित होगी।

स्थानीय प्रशासन ने इस सफल अभियान के लिए एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम की सराहना की है। अधिकारियों ने कहा कि वे इस तरह के अभियानों को जारी रखेंगे ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

रिपोर्ट : दिवाकर मिश्रा ,डुमरिया

Categorized in:

Crime, Gaya,

Last Update: June 29, 2024