
कोंच। आंती थाना क्षेत्र के ग्राम पलांकी निवासी और आंती पंचायत के पूर्व मुखिया अवधेश यादव (45 वर्ष) की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शनिवार शाम करीब 7:15 बजे गोह थाना क्षेत्र के जाजापुर गांव के पास हुआ।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के अनुसार, अवधेश यादव, पिता स्व. दुखन यादव, शनिवार शाम 5 बजे अपने गांव पलांकी से बाइक पर सवार होकर गोह बाजार के लिए निकले थे। उनकी ससुराल जाजापुर गांव में है, जो रफीगंज-गोह मुख्य मार्ग पर स्थित है। जब वे जाजापुर और तीलन बिगहा गांव के बीच पहुंचे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर गोह थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। जैसे ही यह खबर स्वजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पूर्व मुखिया रह चुके थे अवधेश यादव
अवधेश यादव वर्ष 2006 से 2011 तक आंती पंचायत के मुखिया रहे थे और क्षेत्र में उनकी अच्छी पकड़ थी। वे सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे। उनके निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे एक पुत्र छोड़ गए हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
रिपोर्ट – महताब अंसारी , कोंच संवाददाता