
देश के उत्कृष्ट शिक्षण संस्थानों में से एक दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में नवर्निमित मिल्खा सिंह खेल परिसर का शनिवार को उद्घाटन किया गया। विवि के कुलपति हरिश्चंद्र सिंह राठौर ने विवि के पहले स्थाई खेल परिसर का उद्घाटन किया। अपने उद्घाटन भाषण में कुलपति ने कहा कि विवि का इस स्थाई खेल परिसर से देश मे इतिहास रचने वाले खिलाड़ी पैदा होंगे। उन्होंने कहा की परिसर अति आधुनिक सुविधाओं से लैस है और यहाँ विद्यार्थियों को विशेषज्ञों की देख-रेख में सभी प्रकार के खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

खेल परिसर के बारे में अपने सम्बोधन में कुलसचिव कर्नल सिंह ने बताया कि खेल कूद को प्रोत्साहन देने के लिए मिल्खा सिंह खेल परिसर का निर्माण किया गया है। यहाँ विद्यार्थियों को बास्केट बॉल कोर्ट, वॉली बॉल कोर्ट, हॉकी ग्राउंड, दौड़ के लिए 400 मीटर ट्रैक, खो-खो, कबड्डी बैडमिंटन कोर्ट इत्यादि खेलों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानक के हिसाब से सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा विश्वविद्यालय में छात्रावासों में लड़के एवं लड़कियों के लिए अलग-अलग जिम की स्थापना की गई है और योग के लिए योगा हॉल बनाया गया है।

कार्यक्रम में शामिल देश के प्रख्यात पर्यावरणविद प्रो उमेश सिंह ने कहा की सीयूएसबी देश के सांस्कृतिक धरोहर एवं पर्यावरण को सहेजने के लिए कृत संकल्प है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सीयूएसबी में पढ़ाई के साथ साथ खेल-कूद ओर चरित्र निर्माण पर बल दिया जाएगा। इस अवसर पर छात्र अधिष्ठाता प्रोफेसर आतिश पराशर, सहायक निदेशक शारीरिक शिक्षा डॉ० जितेंद्र प्रताप सिंह के साथ – साथ विवि के प्राध्यापक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
रिपोर्ट – आलोक रंजन ,टिकारी अनुमंडल संवाददाता