वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

केंद्रीय इस्पात मंत्री सह जनता दल यू के वरिष्ठ नेता आरसीपी सिंह रविवार को ज्ञान एवं मोक्ष की भूमि गया पहुंचे। गया पहुंचने पर सबसे पहले विष्णुपद मंदिर गये, जहां उन्होंने भगवान विष्णु चरण का दर्शन एवं पूजन किया। गयापाल पंडा गोकुल दुबे के निर्देशन में पंडो ने लगभग आधे घंटे तक उन्हें विशेष रूप से पूरे वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा अर्चना कराई। गर्भ गृह में स्थित भगवान विष्णु के चरण के समीप बैठकर उन्होंने ध्यान मग्न होकर शांतिपूर्ण तरीके से श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ पूजा अर्चना किया। मंदिर से निकलने के बाद पत्रकारों ने जब उन्हें घेरा तो वे बोले की बहुत दिनों से मन में इच्छा थी कि भगवान विष्णु का दर्शन करें। परंतु कोरोना के कारण मंदिर बंद रहने के कारण उनकी तमन्ना पूरी नहीं हो सकी थी। आज उन्होंने भगवान विष्णु से देश की खुशी और समृद्धि की कामना की है। उत्तर प्रदेश चुनाव जैसे मुद्दे से संबंधित पत्रकारों के सवाल पर वे मौन साध गए। गया के चर्चित वजीरगंज स्टील प्रोसेसिंग प्लांट को लेकर पूछे गए सवाल का भी गोल मटोल जवाब देकर निकल गए। मालूम हो कि आज राजगीर से गया होते हुए केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह औरंगाबाद जिले के विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत की। वहां से वापसी के क्रम में गया विष्णुपद मंदिर पहुंचे थे। इनके साथ पूर्व विधायक अभय कुशवाहा, बिहार राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य सह जदयू के प्रदेश महासचिव चंदन कुमार सिंह, एमएलसी मनोरमा देवी,जदयू के मुख्य प्रवक्ता अवध बिहारी पटेल, अरुण राव, मानपुर प्रखंड अध्यक्ष सुरेश राव, डूल सिंह, विनोद कुमार, अमित कुमार सिंह, प्रकाश राम पटवा, पुष्पेंदु पुष्प, गजाधर गुर्दा, मुकेश गुपुत, गोल्डी गायव, संजय कटियार सहित बड़ी संख्या में जदयू के नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।