सत्यनिष्ठा एवं सतर्कता जागरूकता को लेकर निकाली गई प्रभात फेरी

26 अक्टूबर से 01 नवंबर तक पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) में ‘स्वतंत्र भारत@75 : सत्यनिष्ठा से आत्मनिर्भरता’ की थीम के साथ सतर्कता जागरूकता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज 26 अक्टूबर को सतर्कता जागरूकता सप्ताह के पहले दिन मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय द्वारा मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रांगण में रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को देश की आर्थिक, राजनीतिक तथा सामाजिक प्रगति हेतु भ्रष्टाचार उन्मूलन के क्रम में सदैव सतर्क रहते हुए ईमानदारी तथा सत्यनिष्ठा के उच्चतम मानकों के प्रति वचनबद्ध रह कर कार्य करने की प्रतिज्ञा दिलाई गई।

सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा से पूर्व 26 अक्टूबर 2021 को ही सुबह मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय की अगुवाई में सत्यनिष्ठा एवं सतर्कता जागरूकता हेतु मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से यूरोपीयन कॉलोनी में एक प्रभातफेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में मंडल रेल प्रबंधक के साथ रेल अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्काउट एवं गाइड सदस्यों ने हिस्सा लिया।
रिपोर्ट- देवब्रत मंडल (संपादक लाइव मगध न्यूज़)