
अजीत कुमार ,बेलागंज
गया के बेलागंज में तीन दिवसीय आजादी का अमृत महोत्सव फोटो प्रदर्शनी सह जागरूकता कार्यक्रम का समापन बुधवार को समारोह पूर्वक किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गया के विधायक सह बिहार सरकार के पूर्व मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के माध्यम से भूले बिसरे स्वतंत्रता सेनानियों की वीर गाथाओं को आम जनता के सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे आयोजनों से मगध क्षेत्र की जनता को बहुत लाभ होगा। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा पिछले 8 वर्षों में सेवा, सुशासन तथा गरीब कल्याण के लिए अनेक कार्य किए गए हैं। इनको चित्रों के माध्यम से दर्शाने से आम जनता जागरूक होगी। किसान नेता के रूप में पंडित यदुनंदन शर्मा के योगदान की चर्चा करते हुए उन्होंने उनके व्यक्तित्व व कृतित्व को याद किया। इस अवसर पर उन्होंने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ श्रीकृष्ण सिंह को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं भाजपा नेता सह अधिवक्ता मुकेश कुमार ने भी अपने संबोधन में महान स्वतंत्रता सेनानी सह किसान नेता पंडित यदुनंदन शर्मा के कृतित्व का गुणगान किया। उन्होंने कहा कि यदुनंदन शर्मा जैसे महान विभूति और उसके कर्मस्थली नेयामतपुर आश्रम को अनदेखी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। पंडित यदुनंदन शर्मा एक महान स्वतंत्रता सेनानी के साथ साथ जमींदारी उन्मूलन के प्रणेता थे। कार्यक्रम को भाजपा नेता राजेश कुमार चौधरी, अधिवक्ता सतेंद्र कुमार आदि लोगों ने भी संबोधित किया।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी अभिषेक कुमार ने कहा कि अमृत महोत्सव फोटो प्रदर्शनी के माध्यम से गुमनाम सेनानियों के साथ साथ भारत सरकार द्वारा पिछले 8 साल में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के लिए गए कार्यों की जानकारी बेलागंज और गया के आम लोगों को दी गई। समापन समारोह के दौरान चित्रांकन प्रतियोगिता तथा क्रिकेट मैच के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मौके पर पंडित यदुनंदन शर्मा सेवा आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष रविशंकर कुमार, प्रभात कुमार मिश्रा , जीविका के प्रतिनिधि अभिषेक कुमार, भाजपा नेता राजेंद्र राम, पूर्व शिक्षक सिया शरण सिंह, शंभू शरण शर्मा, जनक शर्मा, सरोज सिंह, अमरेंद्र प्रियदर्शी, भाजयुमो नेता राजेश कुमार, दिलीप कुमार, अशोक कुमार, कांग्रेस के युवा नेता धीरेंद्र नाथ सहित स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान मंत्रालय के विभागीय कलाकारों एवं पंजीकृत सांस्कृतिक दल के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लोगों ने खूब सराहा। समापन समारोह के दौरान तीन दिवसीय कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रसार अधिकारी बुलंद इकबाल ने स्थानीय लोगों और आगत अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापन किया।