वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल



तमाम अटकलों पर विराम लगाते हुए बिहार सरकार ने आगामी नगर निकाय चुनाव संपन्न होने तक गया जिला सहित बिहार के 247 नगर निकायों में पदस्थापित नगर आयुक्त व कार्यपालक पदाधिकारियों के स्थानांतरण पर रोक लगा दी है। जो जहां अभी वर्तमान में पदस्थापित हैं वे आगामी चुनाव तक अपने अपने पदों पर बने रहेंगे। इस तरह के आदेश के बाद गया नगर निगम के नगर आयुक्त अभिलाषा शर्मा के अलावा बोधगया, शेरघाटी, टिकारी नगर परिषद, वजीरगंज, फतेहपुर, डोभी, इमामगंज और खिजरसराय नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी प्रशासक नियुक्त कर दिए गए हैं। नगर विकास एवं आवास विभाग के उप सचिव राहुल वर्मन ने 26 जुलाई को एक अधिसूचना जारी किया है। जारी अधिसूचना में कहा गया है कि “प्रशासक नियुक्ति संबंधी पूर्व में निर्गत सभी विभागीय आदेश व अधिसूचना को निरस्त करते नगर निकायों में पदस्थापित पदाधिकारियों को बिहार नगरपालिका अधिनियम 2007 की धारा 12(9) के प्रावधानों के तहत निहित सभी शक्तियां एवं कृत्यों का प्रयोग या संपादन नगरपालिका आम चुनाव निर्वाचन होने तक प्रशासक नियुक्त किया गया है।”