वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

गया नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों को शपथ दिलाएंगे अपर निदेशक सुशील कुमार मिश्र
एक तरफ उच्चतम न्यायालय में बिहार में नगर निकाय चुनाव में आरक्षण को लेकर मामला लंबित है तो दूसरी तरफ बिहार सरकार ने एक आदेश जारी कर कहा है कि बिहार के 17 नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति के नामित सदस्यों को कौन कौन पदाधिकारी शपथ ग्रहण करवाएंगे। नगर विकास एवं आवास विभाग के अवर सचिव ने जारी अपने आदेश में कहा है कि गया, पटना, बिहारशरीफ, आरा, छपरा एवं सासाराम नगर निगम नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों को परियोजना पदाधिकारी-सह-अपर निदेशक सुशील कुमार मिश्रा शपथ दिलाएंगे। इसके अलावा बेगुसराय, समस्तीपुर, मुंगेर, भागलपुर एवं मुजफ्फरपुर के सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों को उपसचिव राहुल बर्मन शपथ दिलाएंगे। जबकि परियोजना पदाधिकारी-सह-संयुक्त निदेशक देवेंद्र सुमन दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, बेतिया, मोतिहारी एवं सीतामढ़ी नगर निगम के लिए नामित सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों को शपथ दिलाएंगे।
बहरहाल, इस आदेश पत्र में यह उल्लेख नहीं किया गया है कि किस नगर निगम में कब यानी किस तिथि को शपथ दिलाई जाएगी। जिसको लेकर एक संशय बनी हुई है। इधर सरकार द्वारा जारी इस तरह का आदेश गया नगर निगम पहुंच गया है। यह आदेश आने के बाद मेयर बीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान द्वारा नामित किए गए वार्ड पार्षदों के नामों की सूची अबतक गोपनीय तरीके से रखा गया है। वैसे magadhlive news तक जो जानकारी आई है, उसके अनुसार इस समिति के लिए नामित सदस्यों में मेयर, डिप्टी मेयर के अलावा सात पार्षद हैं। जिनके नाम इस प्रकार हैं- 1. स्वर्णलता वर्मा 2. चुन्नू खान 3. अशोक प्रसाद उर्फ बूटी, 4. धर्मेंद्र कुमार, 5. तबस्सुम परवीन, 6. विनोद कुमार यादव एवं 7. मनोज कुमार के नाम की चर्चा है।