
गया के अति नक्सल प्रभावित क्षेत्र डुमरिया में शनिवार की रात नक्सलियों ने एक बड़ी घटना को अंजाम दिया है। जहां एक ही परिवार के चार लोगों को घर के बाहर फांसी लटकाकर घर को बम से उड़ा दिया है। खबर के मुताबिक डुमरिया थाना क्षेत्र के मोंनबार मे शनिवार की रात भाकपा माओवादियों ने सरयू सिंह भोक्ता के पुत्र महेंद्र सिंह भोक्ता और सुरेंद्र सिंह भोक्ता तथा महेंद्र सिंह भोक्ता और सुरेंद्र सिंह भोक्ता की पत्नी को घर के बाहर बने खटाल में फांसी पर लटकाकर घर को डायनामाइट लगा कर ध्वस्त कर दिया। वही घर के बाहर पोस्टर चिपकाया है जिसमे घटना के पीछे पुलिस की मुखबिरी करने के बदले की कार्यवाई बताया गया है। बता दें सात महीने पहले सरयू सिंह भोक्ता के मकान में छिपे चार भाकपा माओवादी के सदस्य को पुलिस ने करवाई करते हुए चारो भाकपा माओवादी के सदस्यों को मार गिराया था। उसके बाद से ही सरयू सिंह भोक्ता का घर खाली पड़ा था।


डुमरिया थाना से पांच किमी दूर उत्तर दिशा की ओर मोनबर गांव घने जंगलों में बसा है। जंगलों के ग्रामीण पुलिस और भाकपा माओवादी के कोप भाजन बनते है।पुलिस भी भाकपा माओवादी के ठहराव के लिए ग्रामीण को दोषी बताकर करवाई करती है तो भाकपा माओवादी भी पुलिस मुखबिरी के आरोप में करवाई करता है। ग्रामीण इलाकों में ग्रामीण पुलिस और भाकपा माओवादी के कारण भय मे जीते है और दोनों के हाथों पिसे जाता है एक तरफ भाकपा माओवादी का डर है तो एक तरफ पुलिस का। घटना की जानकारी मिलने पर इमामगंज के डीएसपी अजित कुमार ने घटना स्थल की और रवाना हो गए है।डुमरिया और इमाम गंज मे 24नवंबर को पंचायत चुनाव होना है। भाकपा माओवादी ने चुनाव बहिष्कार की घोषणा कर रखा हैं। घटना के बाद पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही है।
रिपोर्ट – दिवाकर मिश्रा ,डुमरिया