
गया नगर निगम के पार्षदों का चुनाव इस वर्ष 2022 में होना है। चुनावी नैया पार करने की जुगत में कई लोग सामाजिक कार्यों में रुचि रखने लगे हैं। एक तरफ जहां सरकार मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव सीधे जनता द्वारा चुने जाने को लेकर अध्यादेश लाने वाली है, वहीं गया नगर निगम क्षेत्र में कई लोग इस पद के लिए अपनी उम्मीदवारी की घोषणा भी करने लगे हैं। बहरहाल, वार्ड नं 5 अंतर्गत आगामी चुनाव को देखते हुए यहां के एक सामाजिक कार्यकर्ता राहुल कुमार क्षेत्र में गरीब परिवार और असहाय लोगों के बीच मकर संक्रांति के मौके पर करीब 250 कंबल का वितरण करने की बात कही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को वार्ड नं 5 अंतर्गत खरखुरा, रामशिला और वारिश नगर मोहल्ले में जाकर करीब 250 लोगों के बीच कंबल का वितरण किया है। इस कार्य में उनके साथ क्षेत्र के कई कार्यकर्ता भी साथ में थे। उन्होंने बताया कि बढ़ते ठंड के कुप्रभाव से बचाने के लिए जरूरतमंद लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया है। वहीं कई व्हाट्सएप ग्रुप में यह संदेश प्रसारित किया जाने लगा है कि वे इस वर्ष होने वाले गया नगर निगम के चुनावी समर में बतौर पार्षद और डिप्टी मेयर के भावी प्रत्याशी हैं। वैसे बताना लाजिमी होगा कि बहुत जल्द सरकार निकाय चुनावों में एकल पद के लिए जनप्रतिनिधि का चुनाव करने का अधिकार पार्षदों के हाथों से अलग कर सीधे जनता के हाथों में सौंपने की तैयारी लगभग कर चुकी है, सिर्फ अध्यादेश जारी होने का इंतजार है। इधर, गया नगर निगम के वर्तमान पार्षद भी चुनाव में कमर कस के उतरने की तैयारी में हैं।
रिपोर्ट – वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल