देवब्रत मंडल

चैती छठ पर्व को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी सदर इंद्रवीर कुमार, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष के द्वारा गया शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में सम्बन्धित छठ पूजा समिति के सदस्य भी मौजूद थे। छठ घाटों पर सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराने हेतु सभी सम्बन्धित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया। खासकर रोशनी, साफ सफाई, भीड़ नियंत्रण इत्यादि के लिए सभी संभव प्रयास करने के लिए कहा गया। निरीक्षण किए गए छठ घाटों में मुख्य रूप से सूर्य कुंड, केंदुई, पितामहेश्वर, रुक्मिणी इत्यादि प्रमुख है। विभिन्न घाटों का निरीक्षण करने के बाद पाया गया कि चंदौती थाना अन्तर्गत जगन्नाथपुर पहाड़ी स्थित घाट पर ज्यादा पानी के साथ साथ खड़ी ढलान है। जिसके कारण उसे खतरनाक घाट घोषित करते हुए धारा 144 लगाते हुए निषेधाज्ञा लागू कर लोगों को घाट पर जाने से प्रतिबंधित कर दिया गया है। गहरे तालाबों में 4 जगहों पर छठ के दौरान एस डी आर एफ की तैनाती गोताखोरों एवम् नाव के साथ की गई है। लगभग 50 जगहों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि फल्गु नदी में पानी नहीं होने के कारण गढ्ढा खोदकर छोटे छोटे कुंड बनाएं गए हैं। फल्गु नदी में कम पानी होने के कारण सभी छठ व्रतियों से अपने अपने घरों में ही छठ मानने की अपील की गई।