
शुक्रवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल मुख्यालय स्थित बाकले जिमखाना क्लब में ’65वां एवं 66 वां रेल सप्ताह समारोह’ के तहत आयोजित कार्यक्रम में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) के मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा डीडीयू मंडल के सभी विभागों से उत्कृष्ट सेवा हेतु चयनित रेलकर्मियों को मेडल, प्रशस्ति पत्र व नकद राशि देते हुए मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
मंडल रेल प्रबंधक स्तरीय पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के क्रम में मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पाण्डेय द्वारा सर्वप्रथम दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। तदुपरांत मंडल रेल प्रबंधक द्वारा वित्तीय वर्ष 2019-20 में उत्कृष्ट सेवा हेतु ’65 वां रेल सप्ताह पुरस्कार-2020′ के तहत चयनित 159 रेलकर्मियों को व्यक्तिगत पुरस्कार तथा 10 समूह पुरस्कार (सभी समूह मिलाकर कुल 42 रेलकर्मी) प्रदान किए गए। इसी प्रकार मंडल रेल प्रबंधक द्वारा वित्तीय वर्ष 2020-21 में उत्कृष्ट सेवा हेतु ’66वां रेल सप्ताह पुरस्कार-2021′ के तहत चयनित 145 रेलकर्मियों को व्यक्तिगत पुरस्कार तथा 8 समूह पुरस्कार (सभी समूह मिलाकर कुल 30 रेलकर्मी) प्रदान किए गए।
इस अवसर पर डीडीयू मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा अनीता पाण्डेय व संगठन की विभिन्न सदस्याएं, डीडीयू मंडल के विभिन्न उच्चाधिकारी, कर्मचारी यूनियन एवं एसोसिएशन के पदाधिकारियों/सदस्यों सहित रेलकर्मी उपस्थित रहे।
वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल