
अजित कुमार बेलागंज: भारी बारिश से नदियों में आए उफान के चलते बेलागंज प्रखंड के सुदूरवर्ती समसारा गांव के पास दरधा नदी पर तीन साल पहले लाखों रूपये की लागत से बना पुल का एक पाया धंस गया है। पुल से बेलागंज प्रखंड के क्षेत्र के अलावा शकुराबाद रूट के एक बड़े ग्रामीण आबादी का आवागमन होता है। पुल के पाया के धंसने की जानकारी के बाद बीडीओ कुन्दन कुमार स्थल पर पंहुचें। बीडीओ के निर्देश पर पुल के पाया के धंसने के बाद लोगों की सुरक्षा मद्देनजर आवागमन प्रतिबंधित कर दिया गया है। पुल के दोनों छोर पर होमगार्ड को लगाया गया है।

बीडीओ ने बताया कि समसारा के पास दरधा नदी पुल का एक पाया धंसने से लोगों को फिलहाल आवाजाही की कठिनाईयां हो रही है। लेकिन,लोगों के सुरक्षा के लिए यातायात बंद करने की विवशता बन गयी है। जबकि,पुल से होकर आवाजाही बंद होने से क्षेत्र की बड़ी आबादी प्रभावित हो गईं हैं। पुल से होकर बेलागंज प्रखंड के मोरंगपुर, पंडा विगहा, कोरियांवा सहित जहानाबाद जिलें के शकुराबाद प्रखंड के दर्जनों गांवों और टोले जुड़े हुए हैं।बहरहाल,दरधा नदी पर समसारा के पास पुल के पाया धंसने से बरसात के इस मौसम में ग्रामीणों की समस्याओं में इजाफा हुआ है। फिलहाल,इस समस्या का निवारण बरसात के बाद ही संभव प्रतीत होता है।