
गया।जिले के बाराचट्टी प्रखंड अंतर्गत भलुआ पंचायत के पंचायत समिति सदस्य रहे चंद्रदेव सिंह भोक्ता को आज शाम विद्युत स्पर्शाघात लगने से मौत हो गई है। हादसे में मौत के पश्चात आसपास के इलाके में मातम सा छा गया है। घटना के संबंध में बताया गया है कि मृतक चंद्रदेव सिंह भोक्ता आज शाम अपने खेत में देखरेख को गए थे। अचानक बिजली के गिरे तार की चपेट में आ गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने बाराचट्टी स्थित पीएचसी में लाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया है। घटना की सूचना पाकर गया के जदयू सांसद विजय कुमार मांझी, प्रखंड प्रमुख देवरानी देवी, भलुआ पंचायत के मुखिया सविता देवी ,उप मुखिया सुरेंद्र प्रसाद यादव, पूर्व मुखिया राजेंद्र मेहता, महादेव यादव के अलावे समाजसेवी तिलेश्वर सिंह भोक्ता, लखन सिंह भोक्ता, बिहारी यादव, दीपक कुमार आदि ने गहरा दुख जताया है। समाचार लिखे जाने तक बाराचट्टी पुलिस अग्रेतर करवाई कर रही है। उल्लेखनीय है कि मृतक पंचायत समिति सदस्य चंद्रदेव सिंह भोक्ता हाल ही में संपन्न त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पंचायत समिति सदस्य के रूप में दूसरी बार चुने गए थे ।इस घटना से पंचायत समेत आसपास के इलाके में गहरा सदमा लगा है। लगभग 32 वर्षीय चंद्रदेव सिंह भोक्ता के पत्नी एवं दो नाबालिग संतान हैं ,जिनके समक्ष गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है।
रिपोर्ट – राहुल नयन ,बाराचट्टी