
शनिवार को रामनवमी एवं छठ पर्व को लेकर बेलागंज थाना परिसर में शांति समिति की बैठक बुलाई गई। जिसमे बड़ी संख्या में क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी अजीत कुमार लाल ने किया। बैठक के दौरान अंचलाधिकारी अजीत कुमार लाल ने उपस्थित लोगों से प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर वर्तियों को होने वाली समस्या और छठ घाट के व्यवस्था के बारे में जानकारी ली और स्थानीय स्तर पर व्यवथा में सुधार करने में प्रशासन को मदद की अपील की। वहीं थाना प्रभारी उपेंद्र प्रसाद सिंह ने कहा कि पर्व के दौरान हुड़दंग करने वाले लोगों को खैर नहीं है। त्योहार के दौरान हुड़दंगियों पर पुलिस की तीखी नजर रहेगी। थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से संदेहास्पद क्षेत्र की जानकारी देने की अपील की। जिसपर पूर्व से हीं पुलिस की नजर बनी रहे। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था बहाल करने को लेकर क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही साथ ड्रोन कैमरे के जरिए भी निगरानी रखा जाएगा। मौके पर भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश शर्मा, पूर्व मुखिया सुरेश यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष कृष्णदेव यादव, मुखिया वीरदानंद प्रसाद, ज्योतिष कुमार सुमन समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।
अजित कुमार , बेलागंज