
गया जिले के नगर प्रखंड अंतर्गत चंदौती थाना अंतर्गत कोसमा घाट को भी खतरनाक घोषित कर दिया गया है। इसके पहले केंद्रीय कारा के पीछे सरयू तालाब छठ घाट को खतरनाक घोषित किया जा चुका है। मंगलवार को कोसमा स्थल का निरीक्षण अनुमंडल पदाधिकारी गया सदर इंद्रवीर कुमार एवं सहायक पुलिस अधीक्षक विधि व्यवस्था भरत सोनी के द्वारा किया गया। पाया गया कि यह घाट छठ व्रतियों के लिए सुरक्षित नहीं है। इसलिए इस घाट को खतरनाक घोषित किया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि इस घाट के आसपास दंड प्रक्रिया संहिता के तहत धारा 144 लगा दी गई है। सभी छठ व्रतियों से अनुरोध किया गया है कि कोई भी इन खतरनाक घाटों पर नहीं जाएं। आसपास के अन्य जगहों पर छठ पर्व मनाएं ताकि लोग सुरक्षित भी रहे एवं पर्व भी शांतिपूर्वक मनाया जा सके।
वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल