

टिकारी प्रखंड के बेल्हड़िया में मंदिर के जीर्णोद्धार के बाद स्थापित देवी मां के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर आयोजित नौ कुंडीय गायत्री महायज्ञ हेतु बुधवार को कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गायत्री परिवार के सदस्य शामिल हुए। यज्ञमंडप स्थल से बैंड बाजा और घोड़ों के साथ निकली कलश सह शोभा यात्रा मोरहर नदी पहुंची। जंहा पवित्र पंचदेवता घाट पर जलभरी का अनुष्ठान किया गया। उसके बाद कलश के साथ श्रद्धालु यज्ञमंडप पहुंचे। जंहा वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच यज्ञ मंडप में कलश की स्थापना कराई गई।
तीन दिनों के इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रथम दिन संध्या में संगीत व प्रवचन, दूसरे दिन ध्यानयोग, योगाभ्यास, देवपूजन, यज्ञ, संस्कार, संगोष्ठी तथा रात्रि में प्रवचन होगा। अनुष्ठान के अंतिम दिन शुक्रवार को शोभा यात्रा, संगीत, प्रवचन, दीपयज्ञ एवं टोली की विदाई और प्रसाद वितरण के साथ यज्ञ का समापन हो जाएगा। इस अनुष्ठान को सफल बनाने में मंदिर पुनर्निर्माण समिति, बेल्हड़िया, गायत्री परिवार और स्थानीय ग्रामीण लगे हैं।