वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल
भाकपा माले नेताओं ने घटनास्थल पर जाकर प्रशासन से की मुआवजे की मांग
नगर प्रखंड (चंदौती) के चाकंद बाजार के पास अमराहा पंचायत के अमराहा गांव में रविवार रात खलिहान में रखे धान में अगलगी से सारा धान का फसल जलकर राख हो गया। गांव से दक्षिण सड़क किनारे स्थित अमराहा प्राथमिक कृषि साख सहयोग समिति लिमिटेड भवन के पास यह घटना हुई है। गांव के पीड़ित किसान मोहम्मद एजाजुल ने बताया की रात लगभग 10 बजे आग की लपटें उठीं, जिसके बाद ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाने को कोशिश हुई। दमकल की दो गाड़ियों ने भी आग बुझाया। उन्होंने कहा की लगभग 25 बीघा में तैयार धान की फसल खलिहान में रखा हुआ था। अगलगी में सारा धान जलकर राख हो गया है और लगभग 7 से 8 लाख का नुकसान हो गया। आग कैसे लगी इसका पता नहीं चल पाया है। उनके साथ बटाईदार कमुरत मांझी, जितेंद्र पासवान व उपेंद्र मांझी का भी नुकसान हुआ है। पीड़ित किसान से मिलने भाकपा माले नेता तारिक अनवर व आइसा नेता मो. शेरजहाँ अमराहा जाकर घटनास्थल पर पहुंचे व मामले की जानकारी ली। आग पूरी तरह से बुझी नहीं थी और धुआं उठ रहा था। दमकल में पानी खत्म होने के कारण पूरी तरह से नहीं बुझाया जा सका। तारिक अनवर ने नगर प्रखंड के अंचल अधिकारी से फोन पर बात कर घटना की जानकारी दी व उनसे मामले पर पहल लेते हुए पीड़ित किसान को उचित मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा की सुखाड़ में भी किसान ने डीजल से पटवन कर फसल उपजाया मगर आज सारा मेहनत पर पानी फिर गया। प्रशासन को तुरंत पीड़ित किसान की मदद करनी चाहिए।