वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

दिन के उजाले में बेखौफ बदमाशों ने गया जिले के एक मीडियाकर्मी के आवास में घुसकर बंदूक की नोक पर लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। लूटेरे हथियार से लैश थे। जिनकी संख्या पांच थी। घटना चंदौती थाना के शिवपुरी कॉलोनी रोड नंबर 4 में पत्रकार राजीव कुमार (एक हिंदी दैनिक समाचार पत्र) के घर हुई है। अपराधी राजीव कुमार सिन्हा के घर में दाखिल होने के बाद सभी को अपने कवर में ले लिया। साथ ही धमकाया भी कि शोर मचाया तो गोली मार देंगे।

इसके बाद करीब आधे घंटे तक अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस घटना में छः लाख नकद, तीन लाख से अधिक के स्वर्णाभूूषण लूट लिए। राजीव कुमार सिन्हा की पत्नी ज्योति श्रीवास्तव के अनुसार बुधवार की सुबह करीब 10 बजे घर का मेन दरवाजा खुला हुआ था। अचानक पांच की संख्या में रहे अपराधी एक-एक कर घर के अंदर घुस गए और पूरे परिवार को बंदूक की नोंक पर अपने कवर में ले लिया। करीब आधे घंटे तक लूट की वारदात को अंजाम देकर निकल गए। एक अपराधी अपने चेहरे को ढके हुए (मास्क) लगा रखा था, अन्य के चेहरे दिखाई दे रहे थे। इस दौरान अपराधियों ने मोबाइल भी छीन लिए। घटना की सूचना पाते ही चंदौती थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई है। थानाध्यक्ष रणविजय सिंह ने मीडिया को बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। टेक्निकल सेल की टीम की मदद से लुटेरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।