एआईआरएफ के अध्यक्ष रह चुके हैं जार्ज फर्नांडिस, 1974 की रेल हड़ताल का किया था नेतृत्व

ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष महान समाजवादी और मजदूरों के प्रखर नेता स्व. जार्ज फर्नांडिस को सरकार द्वारा मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने पर ईसीआरकेयू गया शाखा के अध्यक्ष मधुर लाल मंडल और शाखा के तमाम पदाधिकारी ने खुशी व्यक्त की है।
इस बात की जानकारी देते हुए ईसीआरकेयू के केन्द्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मिथलेश कुमार ने बताया कि जॉर्ज फ़र्नान्डिस प्रख्यात भारतीय राजनेता थे। वे श्रमिक संगठन के भूतपूर्व नेता तथा पत्रकार भी थे। वे राज्यसभा और लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। उन्होने समता पार्टी की स्थापना की थी। उन्होंने भारत के केन्द्रीय मंत्रिमण्डल में रक्षामंत्री, संचारमंत्री, उद्योगमंत्री, रेलमंत्री आदि के रूप में प्रशंसनीय कार्य किया। उनके नेतृत्व में देश की सबसे बड़ी रेल हड़ताल हुई। 1973 में जार्ज फर्नांडिस ‘ऑल इंडिया रेलवेमेंस फेडरेशन’ के चेयरमैन चुने गए थे। जॉर्ज फ़र्नान्डिस ने 8 मई 1974 को देशव्यापी रेल हड़ताल का आह्वान किया था। रेल का चक्का जाम हो गया। कई दिनों तक रेलवे का सारा काम ठप्प रहा। न तो कोई आदमी कहीं जा पा रहा था और न ही सामान।
जार्ज फर्नांडिस की 29 जनवरी 2019 को लंबी बीमारी के पश्चात मृत्यु हो गई थी।
ईस्ट सेंट्रल रेलवे कर्मचारी यूनियन के गया शाखा सचिव मुकेश सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने हमारे फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष स्व. जार्ज फर्नांडिस को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया है, जो उनके द्वारा किए गए कार्यों के प्रति श्रद्धांजलि है। रेल कर्मचारी होने के नाते हम सभी को बहुत खुशी महसूस हो रही है।
वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल