वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल
गया जिले से इस वक्त एक बड़ी खबर आई है। जिले के अतरी थाना क्षेत्र के कुजूर गांव में पूर्व मुखिया मुकेश कुमार को गिरफ्तार करने गई पुलिस दल पर ग्रामीणों ने हमला बोल दिया है। इस हमले में कुछ पुलिसकर्मियों के चोटिल होने की सूचना है। पुलिस के वाहन को भी ग्रामीणों ने क्षति पहुंचाई है। नीमचक बथानी डीएसपी विनय कुमार ने बताया कि दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है। पांच कारतूस बरामद कर लिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस गांव में कैम्प कर रही है। इस घटना की पुष्टि करते हुए डीएसपी विनय कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा पुलिस कर्मियों के जो कारतूस छीन लिए गए थे वे सभी पांच कारतूस को रिकवर कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि पूर्व मुखिया मुकेश कुमार को पुलिस एक मामले में गिरफ्तार करने पहुंची थी। पंचायत सेवक देवेंद्र कुमार के साथ इसी साल फरवरी में हुई मारपीट व गाली गलौज के मामले में पुलिस पूर्व मुखिया मुकेश को गिरफ्तार करने पहुंची थी।


पूर्व मुखिया के घर के दरवाजे पर ताला लगा हुआ था। पुलिस आसपास के घर वालों से पूछताछ करने के लिए कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया। इस बीच बिट्टू नामक एक युवक को पुलिस गिरफ्तार कर इसलिए ले जाने लगी थी कि उसने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। जबकि इनके परिवार वालों का कहना है कि बिट्टू बाहर रहता है, छठ पर्व पर अपने घर आया हुआ है। जो बिल्कुल निर्दोष है। इसके बाद बिट्टू की मां बेहोश होकर गिर पड़ी। जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश इसलिए बढ़ गया कि निर्दोष को पुलिस पकड़ कर ले जा रही है। इसी बीच कई ग्रामीण इस बात का विरोध करने लगे। इसी को लेकर पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस होते होते बात आगे बढ़ गई। बताया जाता है कि पूर्व मुखिया मुकेश कुमार के खिलाफ जिले गया जिले के एससी/एसटी थाना में कांड संख्या 02/2022 भादवि की धारा 341,323,379,504,506 एवं अनुसूचित जाति एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज हैं। इसी मामले में पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर उन्हें गिरफ्तार करने उनके गांव पहुंची थी। इस कांड में दिलीप कुमार, पूर्व मुखिया मुकेश कुमार एवं किशोर कुणाल नामजद आरोपी हैं। इधर, ग्रामीण और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए गांव में काफी संख्या में पुलिस को तैनात कर दिया गया है। स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।