वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया में निर्माणाधीन आईआईएम के भवन में कार्य करने वाले दो मजदूरों को एक कार चालक रौंदते हुए निकल गया। दोनों मजदूरों की मौत मौके पर ही हो गई। घटना होलिका दहन की रात हुई थी। घटनास्थल बोधगया थाना क्षेत्र के दोमुहान के पास दोमुहान और बापू नगर के बीच गया-बोधगया सड़क मार्ग पर की है। घटना के बाद पुलिस शवों को पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों की पहचान करते हुए बताया है मृतकों में एक निरंजन ऋषि(38) और दूसरा दुलाल सिंह(25) था। जो कि किशनगंज जिले महेश बथान, बाँसवाड़ी, वार्ड नं 3 का रहनेवाला था। जो बोधगया में बन रहे आईआईएम भवन के निर्माण में मजदूरी का काम करता था। घटना के बारे में बताया कि सड़क से दोनों पैदल चलकर जा रहे थे। इसी बीच विपरित दिशा से तेज रफ्तार से चली आ रही एक कार चालक दोनों मजदूरों को रौंदते हुए डोभी की ओर निकल गया। देर रात हुई हादसे की जानकारी प्राप्त होते ही पुलिस मौके पर पहुंची तो पाया कि दोनों की मौत घटनास्थल पर ही हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल भेजा। शनिवार को मृतकों के परिजनों को पुलिस ने शवों को सौंप दिया। इस मामले में पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।