
टिकारी संवाददाता: लोक व धार्मिक आस्था का महाकेंद्र के रूप में तेजी से उभरते टिकारी के प्रसिद्ध केसपा ग्राम के प्रति हाल के दिनों में पर्यटकों का आकर्षण बढ़ा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जाने-माने पुरातत्वविद एवं इतिहासकार डॉ शत्रुघन दांगी मीडियाकर्मियों के साथ गांव का दौरा किया। मीडिया टीम के सदस्य छायाकार रुपेश सिन्हा एवं इंडिया टुडे के जर्नलिस्ट जितेंद्र पुष्प के साथ केसपा पहुंचे डा. दांगी ने गांव का भ्रमण करते हुए स्थानीय लोगों से यंहा का इतिहास जाना। साथ ही गांव की भौगोलिक, ऐतिहासिक, सामाजिक आदि पृष्ठभूमि पर चर्चा करते हुए माँ तारा देवी और उनकी ख्याति के कारणों की भी पड़ताल की। इसके अलावे गांव स्थित सोलह भुजा धारी भगवान विष्णु की प्रतिमा, गांव के बीच में स्थित गौतम बुद्ध की प्रतिमा, गरूड़ पर सवार भगवान विष्णु की दुर्लभ प्रतिमा, शीतला माता एवं विष्णु स्थान को देखा और उसका इतिहास जाना। इस क्रम में खुदाई में निकली दुर्लभ पत्थर से बनी हुई कमल के फूल को नजदीक से देखा।


स्थानीय ग्रामीण और जानकार हिमांशु शेखर ने बताया कि ऐसी मान्यता है कि इसी फूल पर कभी भगवान बुद्ध बैठकर उपदेश दिए थे। भ्रमण के क्रम में गांव में बिखरी पड़ी अनगिनत प्रतिमाओं को देखकर अचंभित हो उठे। पुरातत्वविद डा. दांगी ने कहा कि प्राचीन काल मे यह गांव हिन्दू और बौद्ध धर्म का एक प्रमुख केंद्र रहा होगा। प्रचुर मात्रा में उपलब्ध प्रतिमाएं और खंडित मूर्तियां इस बात के प्रमाण के रूप में देखा जा सकता है। उन्होंने सरकार और पुरातत्व निदेशालय से पुरातात्विक जांच कराने, गांव में अलग अलग स्थानों पर स्थित विभिन्न देवी देवताओं की प्रतिमाओं और मंदिर परिसर में पड़े खंडित मूर्तियों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही गांव में माँ तारा महोत्सव का सरकारी आयोजन शुरू करने एवं केसपा को धार्मिक व पर्यटक केंद्र के रूप में विकसित करने की मांग की है।