आलोक रंजन ,टिकारी : विश्व स्तनपान दिवस के अवसर पर शनिवार को बाल विकास परियोजना के आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं द्वारा जागरूकता रैली के साथ कई कार्यक्रम किए गए। सर्वप्रथम परियोजना कार्यालय परिसर से निकली जागरूकता रैली को सीडीपीओ प्रीति कुमारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली शहर में भ्रमण के बाद अनुमंडलीय अस्पताल टिकारी पहुंची। जंहा स्तनपान दिवस पर प्रसूति महिलाओं, आशा कार्यकर्ताओं व स्वास्थ्यकर्मियों के बीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें सीडीपीओ और महिला पर्यवेक्षकों ने बताया कि जन्म के तुरंत बाद शिशु को माँ का स्तनपान कराने से रोग प्रतिरोधक क्षमता अधिक होता है और बच्चा स्वास्थ्य रहता है।

सीडीपीओ ने स्तनपान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि किसी भी शिशु के विकास के लिए स्तनपान जरूरी है। तभी निश्चित अवधि में उसका मानसिक विकास होता है और शरीर रोगमुक्त एवं मजबूत होते हैं। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के विकास के लिए पोषण की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। इस अवसर पर गोद भराई रस्म के माध्यम से पोषण और पोषक तत्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। अस्पताल परिसर में रंगोली का भी निर्माण किया गया था। स्तनपान पर जागरूकता रैली और गोद भराई का कार्यक्रम प्रखंड के अधिकांश केंडों पर भी आयोजित की गई। इस अवसर पर अंजिता कुमारी, पूजा कुमारी, सुनीता कुमारी, नागमणि कुमारी पर्यवेक्षिका सहित अधिकांश सेविका सहायिका उपस्थित थी। कार्यक्रम का संचालन पोषण ट्रैकर के समन्वयक फरहा नाज ने किया।