राज्यपाल की बर्खास्तगी व मविवि सहित अन्य विवि के कुलपतियों को जेल भेजने की मांग
वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

बिहार के विश्वविद्यालयों में जारी भ्रष्टाचार व भारी अनियमितता के खिलाफ आज आइसा के राज्यव्यापी विश्वविद्यालय बंद के तहत अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज में कार्यक्रम किया गया। हालांकि कॉलेज में चल रही बीएड की परीक्षा के कारण सांकेतिक बंद किया गया। इससे पहले अनुग्रह कॉलेज कैंपस में मार्च निकाला गया व जमकर नारेबाजी की गई। कॉलेज गेट पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए आइसा के पूर्व राज्य उपाध्यक्ष तारिक अनवर ने कहा कि राज्यपाल के संरक्षण में राज्य के विश्वविद्यालयों में लूट का खेल चल रहा है। राजभवन और विश्वविद्यालय मुख्यालय भ्रष्टाचार के केंद्र में तब्दील हो गए हैं। मगध विश्वविद्यालय के भ्रष्ट अधिकारियों की गिरफ्तारी तो हुई लेकिन अभी भी कुलपति बाहर हैं। हम उनके अविलंब गिरफ्तारी की मांग करते हैं। आइसा राज्य कार्यकरिणी सदस्य मो. शेरजहाँ ने कहा कि राज्यपाल ने अपने चहेते भ्रष्ट कुलपतियों को बुला कर बिहार की शिक्षा व्यवस्था को लूट का अड्डा बना दिया है। इसलिए केंद्र सरकार को ऐसे राज्यपाल को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए। कार्यक्रम को आइसा नेत्री खुसबू कुमारी, सुकेन्द्र कुमार व छात्र नेता सोनू कुशवाहा ने भी संबोधित करते हुए केंद्र व राज्य सरकार पर निशाना साधा।
कार्यक्रम में विकास यादव, मो. काशिफ़, मेहराब, टिंकू कुशवाहा, मो. फैजान, अविनाश आज़ाद व मो. सैफ सहित अन्य छात्र शामिल थे।