23 अक्टूबर को 24 घंटे में निकटस्थ रेल मंडलों के साथ यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों को मिलाकर कुल 513 ट्रेनों का किया गया इंटरचेंज

मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के दिशा निर्देशन में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू मंडल) द्वारा ट्रेनों के परिचालन में उत्तरोत्तर सुधार एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी है। इसी क्रम में दिनांक 23 अक्टूबर 2021, शनिवार के दिन 24 घंटे में डीडीयू मंडल द्वारा अपने निकटस्थ रेल मंडलों के साथ रिकॉर्ड 513 ट्रेनों का इंटरचेंज (डीडीयू मंडल क्षेत्र में प्रवेश या उससे निकास) कराया गया। एक दिन अर्थात 24 घंटे की अवधि में डीडीयू मंडल द्वारा कराया गया यह उसका अपना अब तक का सर्वाधिक इंटरचेंज है। ऐसा पहली बार हुआ है कि डीडीयू मंडल द्वारा एक दिन में 500 से अधिक ट्रेनों का इंटरचेंज सफलतापूर्वक कराया गया। डीडीयू मंडल द्वारा 24 अक्टूबर 2021 को अपने निकटस्थ रेल मंडलों के साथ 321 मालगाड़ियों तथा 192 यात्री ट्रेनों को मिलाकर कुल 513 ट्रेनों का इंटरचेंज कराया गया। डीडीयू मंडल का एक दिन में इंटरचेंज का अपना पिछला रिकॉर्ड 499 ट्रेनों का था जो 21 मार्च 2021 को प्राप्त हुआ था। विदित हो कि डीडीयू मंडल भारतीय रेल को चलायमान व गतिमान रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला रेल परिचालन की दृष्टि से भारतीय रेल का अत्यंत व्यस्त रेल मंडल है। रेलवे द्वारा त्वरित यात्री परिवहन के साथ-साथ माल परिवहन सुनिश्चित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए डीडीयू मंडल द्वारा दानापुर मंडल, धनबाद मंडल, प्रयागराज मंडल, लखनऊ मंडल के साथ बड़े पैमाने पर माल गाड़ियों एवं यात्री ट्रेनों का इंटरचेंज किया जाता है।
मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में उत्कृष्ट विभागीय समन्वय एवं कार्य प्रदर्शन के साथ डीडीयू मंडल द्वारा एक दिन में 513 ट्रेनों का इंटरचेंज निरंतर अवसंरचनात्मक सुधार एवं परिचालन क्षमता में उत्तरोत्तर वृद्धि का परिचायक है।
✍️ देवब्रत मंडल (संपादक लाइव मगध न्यूज़)