वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल
गया में झारखंड के व्यवसायी लूटकांड में आपस में रिश्तेदार के चार लोग पकड़े गए, अजीबोगरीब खुलासे हुए

गया जिला पुलिस ने डोभी में एक व्यवसायी अनूप रंजन के साथ 28 अक्टूबर की देर रात हुई लूटकांड का उदभेदन करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। इस लूटकांड का जिला पुलिस की टेक्निकल टीम ने काफी कम समय में उदभेदन करते हुए पांच लोगों को पकड़ने में कामयाब रही है। इस कांड में दो बातें जो सामने आई है, वो ये कि इस लूटकांड को अंजाम देने वाला एक अपराधी हिमेश उर्फ पिंटू कुमार लूट की रकम अपने पिता देवनंदन के पास रख दिया था, जिसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं इस लूटकांड में शामिल विकास यादव की मां के पास से बड़ी रकम चार लाख रुपये बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी की मां कैली देवी को भी गिरफ्तार किया है। जबकि एक और अपराधी राहुल कुमार के पास से ₹ 1.10 लाख बरामद किया गया है। राहुल गिरफ्तार छोटू यादव का मौसेरा भाई है। वहीं जिस वाहन ब्रेजा कार से झारखंड के हंटरगंज के व्यवसायी अनूप रंजन कुमार पटना से लौट रहे थे, उसी वाहन का चालक निखिल चौबे ही लूटरों को वाहन में लगे जीपीएस के लोकेशन की पल पल की जानकारी दे रहा था। एसएसपी हरप्रीत कौर ने मीडिया को बताया कि पुलिस ने 28 अक्टूबर की रात व्यवसायी लूट कांड के मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही लूट की राशि ₹ 9.40 लाख में से ₹ 6.30 लाख नकद के अलावा दो बाइक, चार मोबाइल भी बरामद किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक हरप्रीत कौर ने बताया कि विगत 28 अक्टूबर को झारखंड के चतरा जिला के हंटरगंज के व्यवसायी अनूप रंजन के साथ अपराधियों ने गया जिले के डोभी थाना क्षेत्र में वाहन को रोकवा कर लूटपाट की थी। घटना उस समय की है जब अनूप रंजन पटना से वापस हंटरगंज लौट रहे थे। तभी डोभी थाना क्षेत्र के मनीपर गांव के नजदीक दो बाइक पर रहे चार अपराधियों ने उनके वाहन को जबरन रोकवाया और मारपीट कर उनसे लूटपाट की। उन्होंने बताया कि निखिल के पास रहे ₹ 9.40 लाख लूट लिया गया था। पीड़ित व्यवसायी द्वारा घटना की सूचना डोभी पुलिस को दी गई थी। साथ में वाहन चालक भी थाना पहुंचा था। जिसकी बातें संदेह को जन्म दे रहा था। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सिटी एसपी के नेतृत्व में शेरघाटी डीएसपी, डोभी थानाध्यक्ष के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं टेक्निकल सेल के पुलिसकर्मियों को शामिल करते हुए एक स्पेशल टीम गठित की गई। टीम ने अपने अनुसंधान के क्रम में डोभी थाना क्षेत्र से इस घटना के मुख्य अपराधी हिमेश कुमार उर्फ पिंटू को पुलिस ने पहले गिरफ्तार किया। जिसकी निशानदेही पर अन्य को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया विकास यादव की मां कैली देवी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जिसके पास से लूट के चार लाख रुपए बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया इस घटना में अबतक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसएसपी हरप्रीत कौर ने बताया कि इस कांड में व्यवसायी का चालक जो भी अपराधियों का साथ दे रहा था। जो व्यवसायी अनूप रंजन के पटना से चतरा लौटने की पल-पल की जानकारी अपराधियों को दे रहा था। उन्होंने कहा कि घटना के मुख्य सरगना पिंटू कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। जिसके विरुद्ध गया जिले के विभिन्न थानों में कई कांड दर्ज है। अन्य गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। बाकी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।