वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

डेल्हा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गजाधर रोड में शुक्रवार की रात चोरों ने बंद घर को निशाना बनाते हुए नकद रुपये व जेवरात की चोरी कर ली। अपराधी सूने घर की छत के सहारे कमरे में प्रवेश कर गए। इसके बाद आराम से नगद और जेवरात की चोरी कर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद डेल्हा थाना की पुलिस घटना की छानबीन में जुट गई है। गृहणी उषा देवी के अनुसार बेटी की शादी के लिए जमीन बेच कर घर में रहे बक्से में दो लाख रुपए नगद और एक से डेढ़ लाख रुपये के जेवरात बनाकर घर में ही रखे हुए थे। उषा देवी के अनुसार वे अपने गहने घर में ही रखकर पास के ही एक परिवार के घर छठ पर्व में शामिल होने चले गए थे। शनिवार की सुबह अपने घर आए तो देखा कि घर के बाहर का ताला लगा है। ताला खोलकर घर के अंदर गए तो देखा कि बक्सा व आलमारी खुला है। जेवरात व नकद राशि चोरों ने चोरी कर लिया। बताया कि शुक्रवार की शाम छठ पूजा में शामिल होने के लिए अपने गोतनी के घर के यहाँ पूरा परिवार गए थे। शनिवार की सुबह 4 बजे उगते सूर्य को अर्घ्य देने के पहले अपने घर मे तैयार होने के लिए आए तो देखा कि बाहर का दरवाजा लगा हुआ था लेकिन अंदर के सभी कमरे का ताला टूटा हुआ था। अलमीरा और बक्से के सारे समान बिखरे पड़े थे। बक्से में रखे रुपये और एक से डेढ़ लाख के जेवरात की चोरी हो गई थी। उषा देवी की बेटी सोनी कुमारी के अनुसार उनकी शादी के लिए पैसे और जेवरात रखे हुए थे। जिसे चोरों ने चुरा लिया। कोरोना के कारण शादी रुकी हुई थी। जमीन बेच कर मम्मी पापा पैसे रखे हुए थे।
