वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल
गया शहर के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गेरे पंचायत के रसुना गांव में शुक्रवार की देर रात शराबियों ने एक नवनिर्मित आरसीसी पुलिया को ध्वस्त कर दिया। घर के दरवाजे पर खड़ी दो बाइक एवं तीन साइकल को आग लगा दिया। शराबियों के विरोध में उग्र लोगों ने रोड़ेबाजी की। जिसके बाद दोनों तरफ से गोलीबारी की सूचना है।
हादसे में आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। मुफस्सिल थाना की पुलिस हिंसक झड़प के कारण कुछ समय के लिए सकते में आ गए। जिसके बाद आसपास के थानों से पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। जिसके बाद पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने में सफल हुई। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। घायलों में रसुना गांव के मनोज कुमार, संजय राम, नागेंद्र राम, शकुंतला देवी और कबलसिया देवी शामिल है।
इधर, जख्मी नागेंद्र कुमार ने घटना के लिए जिम्मेदार आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कराने की मांग की है।घायल नागेंद्र ने पुलिस को बताया कि विवाद का कारण रास्ता है।इस घटना में दोनों पक्ष से पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद गांव में तनाव व्याप्त है। जानकारी अनुसार गांव में पइन के ऊपर से एक रास्ता गुजरी है। इसी रास्ते से जख्मी नगेंद्र कुमार एवं मनोज कुमार के घर तक जाने का रास्ता है। रास्ता को सुगम बनाने के लिए पइन के ऊपर ग्रामीणों की सहमति से आपसी चंदा कर एक आरसीसी पुलिया बनाया गया था। शुक्रवार को आरसीसी पुलिया की ढलाई हुई थी ।कुछ लोग इस पुलिया निर्माण से नाराज थे। इसी बात को लेकर शराब के नशे में धुत आरोपियों ने पुलिया को ध्वस्त कर दिया था। बात जब बढ़ी तो यही विवाद मारपीट में परिणत हो गया।
एसएसपी राजीव मिश्रा ने मीडिया से के सवाल पर बताया है कि शराब के नशे में आरोपियों के होने और गोलीबारी की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे इस संबंध में पुलिस जांच के बाद ही अधिकृत रूप से कुछ कहने की स्थिति में होंगे।