शहर के प्रसिद्ध मंदिरों में की पूजा-अर्चना,
कहा- जीतने के बाद शहर का करेंगे व्यापक विकास
मगध लाइव जिला संवाददाता प्रकाश कुमार

गया। गया शहरी विधानसभा से महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी सह डिप्टी मेयर अखौरी ओंकारनाथ श्रीवास्तव उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने आज शहर के विभिन्न मंदिरों में पूजा अर्चना की। साथ ही विधानसभा चुनाव में अपनी जीत के लिए दुआ मांगी। मोहन श्रीवास्तव शहर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां मंगला गौरी मंदिर, बगला स्थान मंदिर, दुखहरनी मंदिर, बागेश्वरी मंदिर, विष्णुपद मंदिर, दक्षिणेश्वर श्रीपंचमुखी हनुमान मंदिर सहित अन्य कई मंदिरों में गए और पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की।

इस दौरान मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि सभी लोगों के कल्याण के लिए भगवान से दुआ मांगी है। गया शहर का जो अपना महत्व है, वह बना रहे, गयाजी की महिमा बरकरार रहे। इसके लिए हमने पूजा अर्चना की है।
उन्होंने कहा कि गया होकर ही लोग अंतर्राष्ट्रीय पर्यटक स्थल बोधगया जाते हैं। बोधगया भगवान बुद्ध की ज्ञान भूमि है। वही गया शहर में साक्षात भगवान विष्णु का विष्णु चरण है। जहां देश-दुनिया से लोगआते हैं और पूजा पाठ करते है। लेकिन विगत 30 वर्षों से विधायक एवं सरकार में विभिन्न विभागों के मंत्री पद पर रहे व्यक्ति ने गया शहर के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया। जो गया शहर की महत्ता है, उसे और बढ़ानी चाहिए थी। लेकिन एक भी जनहित में कार्य नहीं हुआ। हम उपमहापौर रहते हुए शहर को व्यापक रूप से साफ-सुथरा किए। कोरोना कॉल जैसी महामारी में भी हमने पूरे शहर में सफाई को लेकर व्यापक अभियान चलाया।

अगर 10 नवंबर को मतगणना में हमें बहुमत मिलता है, तो हम और भी गयाजी का विकास करने के लिए प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि मंदिर, मस्जिद में सब की आस्था होती है। इसी आशा के साथ हम भी पूजा पाठ किए हैं। कुछ लोग भगवान श्रीराम का नारा लेकर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन कोई काम नहीं करते। हम भगवान श्रीराम का नारा भी लगाएंगे और काम करके भी दिखाएंगे।
मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि जहां तक विधायक बनने और उसके बाद मंत्री बनने की बात है तो वह आगे की बात है। भगवान पर हमारी पूरी आस्था है।