वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

गया नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत केंदुआ गांव के एक खलिहान में गुरुवार की अल सुबह आग लग जाने से किसानों के रखे धान की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। करीब छह बीघा में लगे धान की फसलों को नुकसान पहुंचा है। आग लगने की सूचना के बाद पीड़ित किसान आग को बुझाने की कोशिश की, पर फसल को बचाने में विफल रहे। इस घटना की सूचना मिलते ही वार्ड नं 46 के पूर्व पार्षद सह भाजपा नेता संतोष सिंह केंदुआ गांव पहुंचे। पीड़ित किसानों से घटना की जानकारी ली। इसके बाद अंचलाधिकारी से बातकर घटना की जानकारी देते हुए घटनास्थल पर आकर पीड़ित किसानों को सरकार की तरफ से आपदा राहत कोष से मुआवजा दिलाने की मांग की। भाजपा नेता संतोष सिंह ने बताया कि करीब छः बीघा में लगी धान के गांज में आग लगने से पूरी फसल जलकर राख हो गई है। उन्होंने बताया जिलाधिकारी से पीड़ित किसानों को मुआवजा दिलाने का अनुरोध उन्होंने किया है।