
टिकारी प्रखण्ड क्षेत्र में धान अधिप्राप्ति की वर्तमान स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच टीम ने बुधवार को 13 पैक्सों एवं गोदाम की जांच की। जिला द्वारा गठित तीन टीम प्रखण्ड के 23 में से 13 पैक्सों में धान क्रय की अधतन स्थिति की जानकारी ली और दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान टीम के अधिकारियों ने संबंधित पैक्सों के गोदाम, भंडारण क्षमता, धान क्रय की मौजूदा स्थिति, धान क्रय में आने वाली परेशानी, निबंधित किसानों की संख्या आदि के बारे में पैक्स अध्यक्षों से पूछताछ कर जानकारी ली और निरीक्षण किया। साथ ही पैक्स के स्टॉक पंजी, कृषक पंजी, क्रय पंजी, भुगतान पंजी आदि दस्तावेजों की जांच कर निरीक्षण पंजी में जांच अधिकारियों ने अपना मंतव्य दर्ज किया।
जांच टीम ने निम्नलिखित पैक्सों का किया जांच
जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच टीम में शामिल अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी प्रल्हाद लाल के नेतृत्व में प्रखण्ड के लाव, दिघौरा, भोरी, छठवां और डिहुरा पैक्स की जांच की गई। पीजीआरो लाल के साथ बीसीओ पंकज कुमार और राजीव रंजन शामिल थे। इसी प्रकार बीडीओ वेद प्रकाश ने मुसी, नेपा, नोनी, पलुहड़ और पूरा पंचायत तथा वरीय उप समाहर्ता गया अमित रंजन ने टिकारी प्रखण्ड के मखदुमपुर, केसपा और खनेटु पैक्स की जांच की। उक्त सभी जांच अधिकारी अपनी अपनी जांच रिपोर्ट जिला को सौंपेंगे।
जांच के दौरान पैक्स अध्यक्ष कृष्णगोपाल उर्फ मंटू शर्मा, विसकेतु शर्मा, महेश प्रसाद, राजू यादव, राकेश कुमार, शशि कुमार, धीरज शर्मा, नीरज कुमार, सुबोध शर्मा, मदन शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा सहित पैक्स प्रबन्धकारिणी सदस्य और किसान मौजूद थे।
रिपोर्ट- आलोक रंजन अनुमंडल संवाददाता ,टिकारी