वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

डीडीयू मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में समग्र रूप से रेल परिचालन की दृष्टि से डीडीयू मंडल का यह स्वर्णिम समय है। मंडल द्वारा निरंतर रेल परिचालन के नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं। विदित है कि महीनों की कड़ी मेहनत तथा उत्कृष्ट समन्वय के फलस्वरुप मंडल द्वारा गत 4 दिसंबर को 24 घंटे के अंदर निकटस्थ रेल मंडलों के साथ रिकॉर्ड 342 मालगाड़ियों का आदान-प्रदान (इंटरचेंज) किया गया था। जो कि मंडल द्वारा एक दिन में किया गया अब तक का सर्वाधिक इंटरचेंज है। साथ ही मंडल के अंतर्गत मालगाड़ियों की औसत परिचालन गति गत वर्ष के लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से बढ़कर वर्तमान में 50 किलोमीटर प्रति घंटा से अधिक हो गई है। मंडल में ट्रेनों के समय पालन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके लिए विशेष पंक्चुअलिटी सेल की स्थापना की गई है। जिसके द्वारा निरंतर ट्रेनों के समय पालन की निगरानी की जाती है। भारतीय रेल की गतिशीलता बनाए रखने में डीडीयू मंडल का महत्वपूर्ण योगदान होता है। वर्तमान मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में मंडल में अवसंरचना विकास एवं उन्नयन पर विशेष बल देते हुए कई कार्य कराए जा रहे हैं जिससे आने वाले दिनों में मंडल के अंतर्गत रेल परिचालन और अधिक तीव्र एवं सुचारू होगा। अब डीडीयू मंडल 1 दिन में 400 मालगाड़ियों के इंटरचेंज के लक्ष्य को पार करने हेतु प्रयासरत है। डीडीयू मंडल के अंतर्गत रेल परिचालन क्षमता वृद्धि से समग्र रूप में भारतीय रेल में रेल परिचालन में सुधार को और गति मिलेगी।