रेलकर्मियों ने दोहराई संविधान की उद्देशिका व मूल कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता
वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

भारतीय संविधान को अंगीकार किये जाने की 71 वीं वर्षगांठ के अवसर पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय रेल मंडल(डीडीयू) में “संविधान दिवस” मनाया गया। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय प्रांगण में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया. जिसमें मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा संविधान की उद्देशिका को पढ़कर भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व- सम्पन्न, समाजवादी, पंथ निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त करने के लिये, तथा उन सबमें व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखण्डता सुनिश्चित करने वाली बंधुता बढ़ाने के लिए दृढ़संकल्पित होकर संविधान को आत्मार्पित करने की बात दोहराई गई। तदुपरांत मंडल रेल प्रबंधक के साथ उपस्थित सभी अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा संविधान में उल्लिखित 11 मूल कर्तव्यों को अनुपालन के संकल्प के साथ दोहराया गया। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक द्वारा सभी कर्मियों से सदैव संवैधानिक मूल्यों, आदर्शों एवं कर्तव्यों का पालन करने की बात कही गयी।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक-l राकेश कुमार रोशन तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक-ll अतुल कुमार सहित विभिन्न अधिकारीगण व कर्मचारीगण उपस्थित थे।