
मालगाड़ियों के परिचालन में डीडीयू मंडल ने बनाया रिकॉर्ड, पिछला 324 का था
मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के दिशा निर्देशन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू) द्वारा ट्रेनों के परिचालन में उत्तरोत्तर सुधार व उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी है। इसी क्रम में 04.12.2020 (शुक्रवार) को 24 घंटे में डीडीयू मंडल द्वारा 342 मालगाड़ियों का इंटरचेंज कर कीर्तिमान स्थापित किया गया। 342 मालगाड़ियों का इंटरचेंज डीडीयू मंडल द्वारा किया गया। इस मंडल में अबतक का यह सर्वाधिक इंटरचेंज है। मंडल का पिछला रिकॉर्ड 01.12.2020 का था। ईस दिन 324 मालगाड़ियों का इंटरचेंज किया गया था। डीडीयू मंडल द्वारा मुख्य रूप से पूर्व की ओर से पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल तथा पश्चिम की ओर से उत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे से आवागमन वाली माल गाड़ियों का बड़े पैमाने पर इंटरचेंज किया जाता है। 04.12.2020 को डीडीयू मंडल द्वारा उत्तर मध्य रेल के साथ 92 तथा उत्तर रेलवे के साथ 64 को मिलाकर कुल 156 मालगाड़ियों का रिकॉर्ड इंटरचेंज किया गया। डीडीयू मंडल का उत्तर मध्य रेल तथा उत्तर रेलवे से संबंधित पिछला रिकॉर्ड 150 मालगाड़ियों के इंटरचेंज का था। 04.12.2020 को डीडीयू मंडल द्वारा उत्तर मध्य रेल की ओर से 50 तथा उत्तर रेलवे की ओर से आने वाली 35 को मिलाकर कुल 85 मालगाड़ियों का अपनी ओर रिकॉर्ड टेकओवर किया गया। उत्तर मध्य रेल तथा उत्तर रेलवे से संबंधित मंडल का पिछला रिकॉर्ड 84 मालगाड़ियों के टेकओवर का था। 04.12.2020 को डीडीयू मंडल द्वारा धनबाद मंडल के साथ मानपुर में 64 तथा गढ़वा रोड में 90 को मिलाकर कुल 154 मालगाड़ियों का रिकॉर्ड इंटरचेंज किया गया। धनबाद मंडल के साथ मंडल का पिछला रिकॉर्ड 151 मालगाड़ियों के इंटरचेंज का था। 04.12.2020 को गढ़वा रोड में किया गया 90 मालगाड़ियों का इंटरचेंज डीडीयू मंडल द्वारा किया गया अब तक का सर्वाधिक इंटरचेंज है, गढ़वा रोड पर मंडल का पिछला रिकॉर्ड 89 मालगाड़ियों के इंटरचेंज का था।
04.12.2020 किया गया रिकॉर्ड 342 मालगाड़ियों का इंटरचेंज मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के नेतृत्व में डीडीयू मंडल के लिए बहुत बड़ी और महत्वपूर्ण उपलब्धि है। अपर मंडल रेल प्रबंधक राकेश कुमार रोशन के साथ वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक सुधांशु रंजन, मंडल परिचालन प्रबंधक रेहान रजा रिजवी, मंडल परिचालन प्रबंधक संदीप कुमार के साथ डीडीयू मंडल के परिचालन विभाग की संगठित टीम की कड़ी मेहनत व अन्य रेलों के साथ सटीक समन्वय करते हुए योजनाबद्ध तरीके से किए जा रहे तीव्र और सुचारू रेल परिचालन के कारण ही यह कीर्तिमान स्थापित हो पाया है। डीडीयू मंडल में निरंतर अवसंरचना विकास व सुधार के कारण माल गाड़ियों की औसत परिचालन गति में निरंतर वृद्धि हो रही है जो पिछले सालों में प्राप्त औसत गति से लगभग दोगुनी होकर वर्तमान में लगभग 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई है।
04.12.2020 को स्थापित 342 मालगाड़ियों के इंटरचेंज का कीर्तिमान अवसंरचना विकास व सुधार के साथ पूरे भारतीय रेल में रेल परिचालन क्षमता में हो रही निरंतर वृद्धि में डीडीयू मंडल के महत्वपूर्ण व उल्लेखनीय योगदान को परिलक्षित करता है। दिनांक 04.12.2020 को स्थापित इस कीर्तिमान के लिए मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय द्वारा डीडीयू मंडल की पूरी टीम को बधाई दी गई तथा उनका उत्साहवर्धन किया गया।
लाइव मगध वरीय संवाददाता देवव्रत मंडल