वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

माल लदान व पार्सल बुकिंग तथा इससे राजस्व अर्जन में मंडल का उत्कृष्ट रहा प्रदर्शन
मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के दिशा निर्देशन में पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू) उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उल्लेखनीय कार्य जारी रखते हुए डीडीयू मंडल द्वारा दिसंबर,2020 में कई उप्लब्धिपूर्ण कार्य किये गए। मंडल के बिज़नेस डेवेलपमेंट यूनिट के निरंतर कड़ी मेहनत के फलस्वरूप डीडीयू मंडल द्वारा दिसंबर,2020 में माल लदान से ₹14.84 करोड़ के राजस्व का अर्जन किया गया जो दिसंबर,2019 में मंडल द्वारा माल लदान से अर्जित राजस्व ₹6.20 करोड़ से 139 प्रतिशत अधिक है। डीडीयू मंडल द्वारा दिसंबर,2020 में माल लदान भी दिसंबर,2019 से 30 प्रतिशत अधिक रहा। मंडल के वाणिज्य विभाग के निरंतर प्रयास से दिसंबर,2020 में मंडल द्वारा पार्सल बुकिंग से ₹48.54 लाख का राजस्व प्राप्त किया गया जो दिसंबर,2019 में पार्सल बुकिंग से अर्जित राजस्व ₹14.22 लाख से उल्लेखनीय रूप से 241 प्रतिशत अधिक है। गत 04 दिसंबर 2020 को डीडीयू मंडल द्वारा अपने निकटस्थ रेल मंडलों के साथ रिकॉर्ड 342 मालगाड़ियों का आदान-प्रदान(इंटरचेंज) किया गया जो कि मंडल द्वारा एक दिन में किया अब तक का सर्वाधिक इंटरचेंज है।निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप कम समय में अधिक से अधिक मालगाड़ियों को परिचालित करने की क्षमता की ओर इंगित करती मंडल की यह बड़ी उपलब्धि है। दिनांक 13 दिसंबर 2020 को डीडीयू मंडल के विभिन्न रेक पॉइंट से चार फुल रेक तथा एक मिनी रेक का लदान किया गया जो डीडीयू मंडल द्वारा एक दिन में किया गया अपना अब तक का सर्वाधिक माल लदान है। 13.12.2020 को किए गए माल लदान से लगभग ₹1.60 करोड़ के राजस्व का अर्जन हुआ जो डीडीयू मंडल द्वारा 1 दिन के माल लदान से प्राप्त अब तक का सर्वाधिक राजस्व है। दिसंबर,2020 में मंडल के विभिन्न रेक पॉइंट से 948 वैगन धान तथा 84 वैगन राइस ब्रान का लदान किया गया। मंडल में इन उत्पादों के गत वर्ष दिसंबर, 2019 में एक भी वैगन लोड नहीं हुए थे। खाद्यान्नों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ साथ रेल राजस्व में वृद्धि की दृष्टि से मंडल के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। 13 दिसंबर 2020 को पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के सोन नगर रेक पॉइंट से 59 वैगन क्लिंकर का लदान किया गया। यह पहली बार है कि डीडीयू मंडल में क्लिंकर का लदान किया गया। उत्कृष्ठ प्रदर्शन के साथ दिसंबर,2020 में डीडीयू मंडल के अंतर्गत मालगाड़ियों की औसत परिचालन गति 52.85 किमी प्रति घंटा रही जो पिछले वर्षों में इस गति की लगभग आधी हुआ करती थी। पूर्व मध्य रेल में विशेषकर धनबाद मंडल में त्वरित माल लदान सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान करते हुए डीडीयू मंडल द्वारा दिसंबर 2020 में कुल 219 लांग हॉल मालगाड़ियों का संयोजन कर भेजा गया।