वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के दिशा निर्देशन में वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक रुपेश कुमार तथा वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक सुधांशु रंजन के साथ पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल(डीडीयू) की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट द्वारा माल लदान में वृद्धि करते हुए रेल राजस्व में बढ़ोतरी हेतु किये जा रहे निरंतर प्रयासों के फलस्वरूप 13 दिसंबर को एक दिन में अपने अबतक के सर्वाधिक माल लदान तथा उससे अर्जित राजस्व के साथ डीडीयू मंडल द्वारा उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की गई। इस तारीख को डीडीयू मंडल के विभिन्न रेक पॉइंट से चार फुल रेक तथा एक मिनी रेक में कुल 13,881 टन माल का लदान किया गया। जो डीडीयू मंडल द्वारा एक दिन में किया गया। इस मंडल का अबतक का सर्वाधिक माल लदान है। 13 दिसंबर को किए गए माल लदान से लगभग ₹1.60 करोड़ के राजस्व का अर्जन हुआ। जो डीडीयू मंडल द्वारा 1 दिन के माल लदान से प्राप्त अबतक का सर्वाधिक राजस्व है।
माल लदान के क्षेत्र में डीडीयू मंडल राजस्व के नए स्रोतों जैसे सोन नगर से क्लिंकर के लदान, मानपुर से बालू के लदान, अनुग्रह नारायण रोड तथा पहलेजा से धान के लदान की शुरुआत जैसे हाल ही में किये गए नए उपलब्धिपूर्ण कार्यों के माध्यम से रेल राजस्व में बढ़ोतरी हेतु निरंतर प्रयासरत है। इस दिन डीडीयू मंडल के सोननगर रेक पॉइंट से एक रेक क्लिंकर का लदान कर असम में लामडिंग रेल मंडल के अंतर्गत जागी रोड स्टेशन, पहलेजा रेक पॉइंट से एक रेक धान का लदान कर पंजाब में धूरी स्टेशन, अनुग्रह नारायण रोड रेक पॉइंट से एक रेक धान का लदान कर आंध्र प्रदेश में समालकोट व एक मिनी रेक में सीमेंट का लदान कर नारायणपुर अनंत तथा जपला से एक रेक बलास्ट (गिट्टी) का लदान कर नगर उंटारी भेजा गया। रेलवे द्वारा माल परिवहन सुलभ, सुरक्षित, किफायती और तीव्र होता है। डीआरएम ने कहा है कि रेलवे द्वारा माल परिवहन कर किसान, व्यापारी, उद्यमी आदि अधिक लाभ उठा सकते हैं।