वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

गया नगर निगम का स्थापना दिवस चंद लोगों को ही याद रहा। 16 नवंबर 1983 को नगर निगम की स्थापना हुई थी। जिन्हें ये शुभ दिन याद रहा वे देर शाम निगम कार्यालय के पास पहुंचे और स्थापना दिवस मनाया। इस मौके पर वार्ड पार्षद प्रमिला देवी पटवा के प्रतिनिधि गोपाल लाल पटवा ने कहा इस बात का मलाल है कि 16 नवंबर का शुभ दिन भी निगम के कई पार्षदों को याद नहीं। उन्होंने कहा न तो निगम के अधिकारियों को ये याद रहा कि आज जिस नगर निगम में वे कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए निगम और सरकार से वेतन पा रहे हैं, उसका आज 38 वां स्थापना दिवस भी है। हालांकि इस मौके पर वार्ड पार्षद गजेंद्र सिंह, पार्षद प्रतिनिधि गोपाल लाल पटवा, सामाजिक कार्यकर्ता मानव, धर्मेंद्र कुमार आदि देर शाम निगम कार्यालय के पास पहुंचे। 38 दीप जलाकर सादगी के साथ स्थापना दिवस मनाया।
बताते चलें कि गया नगर निगम में कुल 53 वार्ड पार्षद हैं। जिनमें एक मेयर, एक डिप्टी मेयर व सात पार्षद सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों के अलावा नगर आयुक्त सहित कई अभियंता, कार्यालय अधीक्षक, कार्यालय के प्रभारी पदाधिकारी के साथ साथ कई कर्मचारी और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी भी हैं। लेकिन चंद लोगों को ही ये याद रहा कि आज गया नगर निगम का स्थापना दिवस भी है।