वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

भोजन चालू करने सहित अन्य मांगों को लेकर बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति ने बुधवार को दिया था धरना
मगध प्रमंडल के इकलौते गौतम बुद्ध कुष्ठ आश्रम सह अस्पताल में मरीजों को सरकार की ओर से मिलने वाला भोजन बुधवार से बंद कर दिया गया था। जिससे यहां के मरीजों के सामने विकट समस्या उत्त्पन्न हो गई थी। यहां के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रघुराज शर्मा ने बुधवार को बताया था कि प्रकाश ट्रेडर्स नामक फर्म के द्वारा 16 दिसंबर से मरीजों को भोजन नहीं दिया जा रहा है। इधर, मरीजों के भोजन व्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने व अन्य कई मांगों को लेकर बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति मरीजों को लेकर बुधवार को धरना पर बैठ गए थे। समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार मंडल ने बताया था कि आवंटन के अभाव में संवेदक द्वारा यहां के मरीजों को भोजन मिलना बंद हो गया था। इससे मरीजों के समक्ष विकट समस्या उत्त्पन्न हो गई थी। उन्होंने बताया इस समस्या से यहां के चिकित्सा पदाधिकारी सहित जिले के वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए भोजन चालू कराने की मांग के अलावा अस्पताल परिसर में शौचालय, पीने का पानी की व्यवस्था करने, जर्जर भवन को मरम्मत करने, मरीजों के लिए बेड, चादर मुहैया कराने आदि की मांग को लेकर एकदिवसीय धरना बुधवार को दिया गया था। इस बीच गुरुवार को अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रघुराज शर्मा से हुई वार्ता में उनके द्वारा बताया गया कि सिविल सर्जन के माध्यम से संवेदक को भोजन आपूर्ति कराने का निर्देश प्राप्त हो गया है। वहीं संवेदक ने 18 दिसंबर से मरीजों को भोजन देने का लिखित पत्र दिया है। इस बाबत बिहार राज्य कुष्ठ कल्याण समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार मंडल ने बताया कि भोजन बंद होने के बाद इसे चालू कराने के लिए जो आंदोलन की पूर्व सूचना पदाधिकारियों को दी गई थी, उस आंदोलन को अस्पताल प्रशासन, सिविल सर्जन के इस आश्वासन के बाद वापस ले लिया गया है। इसके लिए उन्होंने अधिकारियों को साधुवाद देते हुए कहा कि लाचार मरीजों की समस्या व उनके दर्द को प्रशासन ने सुनकर न्यायोचित आदेश दिया है।