मगध लाइव वरीय संवाददाता देवव्रत मंडल

शनिवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चारदिवसीय सूर्योपासना का पर्व होगा सम्पन्न
लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा के तीसरे दिन शुक्रवार को छठव्रतियों ने शहर के विभिन्न छठ घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया।शहर के नदी तट पर बने घाट, तालाब व कई लोगों ने अपने घर की छतों पर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। घाट पर व तालाब में श्रद्घालुओं की भीड़ देखी गई। व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर अपने परिवार की कुशल मंगल की कामना की। छठ गीतों से शहर गुंजायमान रहा। नगर निगम और जिला प्रशासन की तरफ से घाट पर छठव्रतियों की सुविधा, सुरक्षा की व्यवस्था देखी गई। शहर के गोविंदपुर सूर्य मंदिर घाट, रामशिला छठ घाट, फल्गु नदी व निरंजना नदी के तट पर के केंदुई घाट, झारखंडे घाट, देवघाट, पितामहेश्वर घाट, मोरिया घाट, राय बिंदेश्वरी घाट, मानपुर में सूर्यपोखर घाट, महादेव घाट, सूर्यकुंड, सिंगरा स्थान घाट सहित अन्य घाट पर व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती थी। सुरक्षा के मद्देनजर फल्गु नदी के विभिन्न घाटों पर वॉच टावर और चेक पोस्ट बनाए गए हैं। ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। शनिवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चारदिवसीय सूर्योपासना का पर्व सम्पन्न हो जाएगा।