वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल

मानपुर क्षेत्र के सात वार्ड और नए वार्ड का गठन कर अलग से नगर परिषद बनाने की मांग
सोमवार (16 नवंबर) को गया नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 49 मानपुर पटवाटोली में सादगीपूर्वक गया नगर निगम का 38 वां स्थापना दिवस केक काटकर मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्थानीय निगम पार्षद प्रमिला देवी पटवा, सफाई पर्यवेक्षक बिदेशी प्रसाद, गोपाल प्रसाद पटवा, पार्षद प्रतिनिधि सह अध्यक्ष-बिहार प्रदेश बुनकर कल्याण संघ ने संयुक्त रूप से किया। गया नगर निगम के 38 वें स्थापना दिवस के अवसर पर 38 दीपक जलाकर एवं सफाई कर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सभी सफाई कर्मियों के बीच मिठाई बाटा गया। इस मौके पर स्थानीय निगम पार्षद प्रमिला देवी पटवा ने मानपुर के नगर वासियों से स्वच्छता अपनाते हुए गिला एवं सूखा कचरा अलग-अलग संग्रह करने की अपील करते हुए कचरा सिर्फ डोर टू डोर कूड़ा कचरा संग्रहण करने वाले रिक्शा ठेला के सफाई कर्मियों को ही देने की अपील की।अपने आसपास गंदगी वह कचरा ना फैलाने और ना दूसरे को फैलाने देने की अपील की। उन्होंने कहा हम सब की सामाजिक जिम्मेवारी के निर्वहन से ही अपना क्षेत्र स्वच्छ, स्वस्थ व सुंदर बनकर नजीर पेश कर सकता है। उन्होंने सभी नगर वासियों, वार्ड के सफाई कर्मियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, माननीय जनप्रतिनिधिगण सहित निगम कर्मियों को गया नगर निगम के 38 वें स्थापना दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई।
उन्होंने कहा गया में नगरपालिका 156 साल पुरानी है। 3 मार्च 1864 में गया नगर पालिका की स्थापना हुई थी। 119 वर्षों के पश्चात 16 नवंबर 1983 को इसे नगर निगम में परिणत किया गया। उस समय मात्र 32 वार्ड थे। इसके उपरांत 2002 में वार्ड की संख्या बढ़कर 40 हो गई। 2007 में आबादी को देखते हुए 53 वार्ड बनाए गए, जो अभी भी वर्तमान में हैं। जबकि जनगणना 2011 के अनुसार वार्डों की संख्या बढ़ाए जाने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर गोपाल प्रसाद पटवा अध्यक्ष- बिहार प्रदेश बुनकर कल्याण संघ ने गया नगर निगम द्वारा मानपुर के साथ आधारभूत संरचना सहित नागरिक सुविधाओं में भेदभाव- सौतेलापन को दूर करने का संकल्प दोहराते हुए मानपुर अवस्थित गया नगर निगम के वार्ड संख्या 47 से 53=07 वार्डों को गया नगर निगम से अलग करते हुए स्वतंत्र नगर निकाय गठन की मांग दोहराई। श्री पटवा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी सहित नवनिर्वाचित विधायक वजीरगंज के वीरेंद्र सिंह से निवेदन किया है कि यथाशीघ्र मानपुर नगर वासियों का अपना नगर परिषद हो। स्थापना दिवस समारोह में सफाई कर्मी शंभू रविदास, पूर्व सफाई कर्मी बुद्धन प्रसाद, सामाजिक कार्यकर्ता दुखन प्रसाद, श्याम कुमार सहित सभी सफाई कर्मी एवं वार्ड कई लोग शामिल रहे।
