
मगध लाइव वरीय संवाददाता देवव्रत मंडल
आज ये खबर जब आप देख रहे होंगे तो इस बात की चिंता जरूर आपको खाए जा रही होगी कि 10 नवंबर को मतगणना के अंतिम परिणाम किसके पक्ष में जाता है। आप इसकी चिंता छोड़ दें। आपने वोट किया, वहीं तक एक मतदाता के रूप में आपने कर्तव्य निभा दिया है। मतों की गिनती जब मंगलवार को शुरू हो जाएगी तो कभी किसी प्रत्याशी के अमंगल(मतों की गिनती में पीछे) की कभी सूचना आएगी तो कभी मंगल(मतों की गिनती में आगे) की। लेकिन आप अपने दिल को थाम कर रखेंगे। दिल पर बोझ नहीं लेंगे। परिणाम वही होगा, जो मतदाताओं ने अपना फैसला EVM के जरिए 28 अक्टूबर को दे दिया है। अंतिम परिणाम देर शाम तक आ जाने की पूरी उम्मीद है, पर रुझान सुबह नौ बजे आने लगेंगे।
गया जिले के 10 विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती गया कॉलेज, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज और जगजीवन कॉलेज में होगी।
वैसे आपको तो पता ही होगा कि इस बार बिहार विधानसभा चुनाव राजग बनाम महागठबंधन के बीच ही लगभग हुआ है। इसके अलावा ग्रैंड डेमोक्रेटिक फ्रंट भी अपने अपने उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं लोजपा भी कई जगहों पर अपने उम्मीदवार को सामने लाकर एक अलग चुनावी खेल खेल रही है।
गया जिले के 10 विधानसभा क्षेत्र की बात करें तो आखिरी परिणाम घोषित होने तक यहां 50-50 पर एनडीए और महागठबंधन के विधायक हैं। विशेष जानकारी देते हुए आपको अपडेट करने के लिए बता दूं कि अतरी से राजद, बोधगया से राजद, बाराचट्टी से राजद, बेलागंज से राजद, वजीरगंज से कांग्रेस के विधायक हैं। जबकि शेरघाटी से जदयू, टिकारी से जदयू, इमामगंज से हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा, गुरुआ तथा गया शहर से भाजपा के विधायक हैं। यानी हिसाब बराबर का है। इस हिसाब को याद कराने के लिए नाम भी विधायकों का बता दूं अच्छा रहेगा। अतरी से कुंती देवी(इस बार इनका पुत्र), बोधगया से कुमार सर्वजीत, बाराचट्टी से समता देवी, बेलागंज से सुरेंद्र प्रसाद यादव, वजीरगंज से अवधेश कुमार सिंह(इस बार इनके पुत्र शशि शेखर सिंह), शेरघाटी से डॉ. विनोद यादव, टिकारी से अभय कुशवाहा(इस बार बेलागंज में भाग्य आजमा रहे), इमामगंज से पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, गुरुआ से राजीव नंदन तथा गया शहर से डॉ प्रेम कुमार विधायक हैं।
इस रिपोर्ट के साथ इस बार संपन्न हुए मतदान के बाद जिनके जिनके बीच जो मुख्य मुकाबला माना जा रहा है। उनकी सूची है।
10 नवंबर को ऊंट किस करवट बैठता है। ये तो EVM में पड़े मतों की पूरी गिनती और आधिकारिक रूप से घोषणा के साथ ही पता चलेगा। इसके बाद किनके चेहरे उतरेंगे और किनके माथे पर जीत का सेहरा सजेगा? इंतजार करें। तबतक livemagadh.com/news को देखते रहें।