डीडीयू मंडल के स्टेशनों पर मिलेगा लोकप्रिय क्षेत्रीय व्यंजनों को बढ़ावा
लोकल इज वोकल’ की प्रेरणा के साथ यात्री सेवा को और बेहतर बनाने का कार्य जारी

डीडीयू मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय के दिशा निर्देशन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल (डीडीयू) यात्रियों हेतु खानपान सुविधा को और बेहतर बनाने को लेकर लगातार कार्यरत है। इसी क्रम में शुक्रवार शाम से गया जंक्शन पर यात्रियों हेतु गया की मशहूर तिलकुट की बिक्री की शुरुआत की गई। अब गया जंक्शन पर स्थानीय के साथ-साथ अन्य स्थानों के यात्री भी वहां की मशहूर तिलकुट का आनंद ले सकेंगे। जिससे इस लोकप्रिय स्थानीय व्यंजन से जुड़े लोगों को और प्रोत्साहन मिलेगा। रेलवे लोकप्रिय क्षेत्रीय खाद्य सामग्री व व्यंजनों जैसे गया का तिलकुट, मनेर का लडडू, मखाना, लिट्टी-चोखा, चूड़ा-दही लाई-पकौड़ी, सत्तू, भुजा, चनाचूर आदि को बढ़ावा देने का काम कर रहा है। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक रुपेश कुमार के नेतृत्व में मंडल का वाणिज्य विभाग द्वारा मंडल के गया, डीडीयू के साथ अन्य प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों हेतु क्षेत्रानुसार लोकप्रिय स्थानीय व्यंजनों को खानपान स्टाल के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम दर्जे के उद्यमों के उत्थान को ध्यान में रखकर उनके उत्पादों जैसे लीची का जूस, अचार, मुरब्बा, सैनिटाइजर, जूट के सामान, खादी/सिल्क, कलाकृतियां, डिस्पोजेबल बेड रोल आदि को भी यात्रियों हेतु मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर उपलब्ध कराने के लिए वाणिज्य विभाग कार्य कर रहा है। डीडीयू मंडल द्वारा ‘लोकल इज वोकल’ की प्रेरणा के साथ यात्री सेवा को और बेहतर बनाने का कार्य जारी है।
रिपोर्ट- वरीय संवाददाता देवब्रत मंडल